ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के कुलपति प्रोफेसर संजय कुमार चौधरी की अध्यक्षता में विद्वत परिषद् की बैठक हाइब्रिड मोड में आयोजित की गई, जिसमें विज्ञान संकायाध्यक्ष प्रो दिलीप कुमार चौधरी, सामाजिक विज्ञान संकायाध्यक्ष प्रो ध्रुव कुमार एवं सदस्य सचिव डॉ दिव्या रानी हंसदा ऑफलाइन, जबकि 40 ऑफलाइन सदस्यों में अन्य संकायाध्यक्ष, स्नातकोत्तर विभागाध्यक्ष तथा चक्रानुसार सदस्य प्रधानाचार्य शामिल हुए। सदस्यों का स्वागत कुलपति प्रोफेसर चौधरी ने किया, जबकि बैठक का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन कुलसचिव डॉ हांसदा ने किया।
बैठक में मेरू (पीएम-उषा) के अंतर्गत एवं राज्यपाल सचिवालय की अधिसूचना के आलोक में विश्वविद्यालय में अप्रेंटिसशिप एबेंडेड डिग्री प्रोग्राम (AEDP) यूजीसी के मानक के अनुसार विश्वविद्यालय क्षेत्रातर्गत नैक मूल्यांकित 5 अंगीभूत महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से 7 पाठ्यक्रमों को संचालित करने की सहमति दी गई, जिनमें वाणिज्य संकाय में मेजर के अंतर्गत सीएम कॉलेज एवं बीआरबी कॉलेज में ई-कॉमर्स, बीआरबी कॉलेज एवं यूपी कॉलेज में रिटेल ऑपरेशंस, सीएम कॉलेज, यूपी कॉलेज एवं बीआरबी कॉलेज में बैंकिंग फाइनेंशियल सर्विस एंड इंश्योरेंस (BFSI) तथा सीएम कॉलेज, बीआरबी कॉलेज एवं यूपी कॉलेज में ह्यूमन रिसोर्स ऑपरेशन, विज्ञान संकाय में मेजर के अंतर्गत आरबी कॉलेज एवं बीआरबी कॉलेज में डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक्स तथा मिल्लत कॉलेज एवं यूपी कॉलेज में हेल्थ केयर मैनेजमेंट तथा मानविकी संकाय में मेजर के अंतर्गत यूपी कॉलेज, सीएम कॉलेज एवं मिल्लत कॉलेज में कंटेंट एण्ड क्रिएटिव राइटिंग कोर्स संचालन की स्वीकृति दी गई।
सीबीसीएस के अंतर्गत 4 वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम के मैथिली विषय में सेमेस्टर तीसरे से आठवें तक के तथा मनोविज्ञान विषय में सेमेस्टर तीसरे से आठवें तक के एमआईसी के संशोधित पाठ्यक्रमों अनुमोदन किया गया। वहीं विश्वविद्यालय के स्वास्थ्य केन्द्र में कम्युनिटी हेल्थ एंड वेलनेस सर्टिफिकेट कोर्स प्रारंभ करने हेतु मैन्युअल एवं ऑर्डिनेंस एंड रेगुलेशन्स का अनुमोदन किया गया।
बैठक में ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा को डॉ अवधेश कुमार मिश्र, पूर्व प्रोफेसर, भाषा विज्ञान विभाग अंग्रेजी एवं विदेशी भाषा विश्वविद्यालय, शिलांग, मेघालय का आईसीएसएसएसआर सीनियर फैलोशिप प्रोजेक्ट में कार्य करने हेतु कार्यस्थल के रूप में स्वीकृति प्रदान किया गया। आरके कॉलेज में स्ववित्त पोषित पाठ्यक्रम के अंतर्गत एमबीए पाठ्यक्रम तथा स्नातकोत्तर रसायनशास्त्र विभाग में एम फर्मा पाठ्यक्रम को शुरू करने की सैद्धांतिक अनुमति दी गई। सदस्यों ने विश्वविद्यालय खेल निदेशालय में संचालित होने वाले बीपीएड एमपीएड एवं बीए इन विजुअल आर्ट्स पाठ्यक्रम को एनसीटीइ में भेजने की स्वीकृति दी गई।




