Featured

जुलाई से शुरू होगी नये डिग्री कॉलेजों में पठन-पाठन -डी एम

कुशेश्वरस्थान,किरतपुर,तारडीह,हनुमाननगर सहित आठ प्रखंडों के डिग्री कॉलेजों की तैयारियों की समीक्षा

जिलाधिकारी दरभंगा कौशल कुमार की अध्यक्षता में कार्यालय कक्ष में जिले के विभिन्न प्रखंडों में संचालित होने वाले डिग्री कॉलेजों में पठन-पाठन की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक हुई ।
बैठक में कुशेश्वरस्थान, कुशेश्वरस्थान पूर्वी, किरतपुर, तारडीह, हनुमाननगर, सिंहवाड़ा, गौड़ाबौराम एवं अलीनगर प्रखंड के डिग्री कॉलेजों के प्राचार्यों ने भाग लिये।

जिलाधिकारी ने कहा कि संबंधित डिग्री कॉलेजों में आगामी 01 जुलाई 2026 से पठन-पाठन का नियमित संचालन शुभारंभ होगा। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी करें।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी डिग्री कॉलेजों में उपलब्ध शैक्षणिक सामग्री, फर्नीचर एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने संस्थानों में आवश्यक सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए उप विकास आयुक्त को आवश्यक वस्तुओं की खरीद के लिए शीघ्र निविदा प्रक्रिया प्रारंभ करने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन (एल.ए.ई.ओ.) विभाग के अभियंताओं से विभिन्न शैक्षणिक अवसंरचना विकास कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान जिले के डिग्री कॉलेजों में चहारदीवारी निर्माण, रंग-रोगन, चिन्हित विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष निर्माण तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास से संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
उन्होंने सभी संबंधित अभियंताओं को निर्देश दिया कि स्वीकृत निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए,ताकि विद्यार्थियों को बेहतर एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि जुलाई माह से संबंधित संस्थानों में शैक्षणिक गतिविधियां प्रारंभ होनी हैं।
बैठक में उप विकास आयुक्त स्वप्निल,जिला शिक्षा पदाधिकारी विद्यानंद ठाकुर, संबंधित महाविद्यालयों के प्राचार्य तथा स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन विभाग के अभियंता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *