Featured

डीएम की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की हुई बैठक

02 जून को आयोजित सहयोग शिविर की तैयारियों की समीक्षा,सभी वरीय पदाधिकारियों को आगामी सहयोग शिविर स्थल निरीक्षण का निर्देश

समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ.भीमराव अंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित हुई।
बैठक में मानवाधिकार, लोकायुक्त, आरटीपीएस, न्यायालयों में लंबित वाद, मुख्यमंत्री जनता दरबार, एसी/डीसी बिल, सहकारिता, कृषि, राजस्व एवं जन शिकायत सहित विभिन्न विभागों से संबंधित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने आगामी 02 जून को आयोजित होने वाले सहयोग शिविर की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अंचलाधिकारियों को शिविर तथा पोर्टल के माध्यम से प्राप्त लंबित आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने सभी वरीय पदाधिकारियों को शिविर स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का आकलन करने तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को ससमय पूर्ण कराने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि सहयोग शिविर आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्व से पूरी करें ।विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सहयोग शिविर में निर्धारित 14 विभागीय स्टॉलों के अतिरिक्त एक अलग हेल्प डेस्क की स्थापना की जाए, ताकि आम नागरिकों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

साथ ही प्रत्येक स्टॉल पर पंजी संधारित करने तथा प्राप्त आवेदनों को निर्धारित समयावधि में पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने शिविर में आने वाले नागरिकों के लिए पेयजल, बैठने की व्यवस्था, छाया, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त ने सभी अंचलाधिकारियों को उच्च न्यायालय में लंबित मामलों के निष्पादन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया तथा लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व) श्री मनोज कुमार, अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री राजेश कुमार गुप्ता, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) श्री राकेश कुमार, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) श्री सलीम अख्तर ,जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे। वहीं सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी,अंचलाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *