Thursday, June 4, 2026
Homeडीएम की अध्यक्षता में बेनीपुर एवं बहेड़ी प्रखंड के सभी अंचलों के...

डीएम की अध्यक्षता में बेनीपुर एवं बहेड़ी प्रखंड के सभी अंचलों के राजस्व कार्यों की विस्तृत समीक्षा

- Advertisement -

07 जून तक सभी लंबित राजस्व सम्बन्धित आवेदनों के समाधान करने का निर्देश,लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में बेनीपुर एवं बहेड़ी प्रखंड अंतर्गत सभी अंचलों के राजस्व कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सभी राजस्व कर्मचारी, राजस्व अधिकारी, अंचलाधिकारी एवं भूमि सुधार उप समाहर्ता (डीसीएलआर) उपस्थित रहे।

- Advertisement -

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने राजस्व महाअभियान के अंतर्गत प्राप्त सभी आवेदनों को शीघ्र पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश सभी अंचलाधिकारियों को दिया। समीक्षा के क्रम में परिमार्जन प्लस, भूमि मापी, दाखिल-खारिज, जमाबंदी सुधार तथा राजस्व महाअभियान के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी अंचलाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि राजस्व महाअभियान के तहत प्राप्त सभी लंबित आवेदनों का निष्पादन 07 जून 2026 तक हर हाल में करना सुनिश्चित करें ।
समीक्षा के दौरान यह तथ्य सामने आया कि एक राजस्व कर्मचारी द्वारा आवेदक के सभी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध रहने के बावजूद आवेदन को वापस कर दिया गया था। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए अपर समाहर्ता (राजस्व) को संबंधित राजस्व कर्मचारी को निलंबित करने की कार्रवाई प्रारंभ करने का निर्देश दिया। साथ ही अपर समाहर्ता (राजस्व) एवं संबंधित डीसीएलआर को संयुक्त रूप से समिति गठित कर मामले की जांच करने का निर्देश दिया गया।

- Advertisement -

जिलाधिकारी ने सभी राजस्व कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन आवेदनों में दस्तावेजों की कमी हो, उनमें आवेदकों से आवश्यक अभिलेख मंगाकर नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करें ।
उन्होंने कहा कि राजस्व मामलों के निवारण में किसी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब के लिए संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मचारी व्यक्तिगत रूप से उत्तरदायी होंगे तथा उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

- Advertisement -

बैठक में फार्मर रजिस्ट्री को लेकर भी विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने विशेष अभियान के दिन अधिक से अधिक किसानों का परिमार्जन कार्य पूर्ण कराने तथा उनकी फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से किसानों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी एवं कृषि संबंधी योजनाओं का लाभ प्राप्त होगा, इसलिए इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक पंचायत में किसानों की पहचान कर विशेष अभियान के माध्यम से उनकी फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाना सुनिश्चित करें।

बैठक में जिलाधिकारी ने जमाबंदी सुधार हेतु प्राप्त आवेदनों के शीघ्र निष्पादन का भी निर्देश दिया।
बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व) श्री मनोज कुमार, डीसीएलआर सदर श्री संजीत कुमार, डीसीएलआर बेनीपुर श्री अविनाश कुमार सिंह, सभी अंचलाधिकारी आदि पदाधिकारी उपस्थित थे।

- Advertisement -
RELATED ARTICLES

Most Popular