Featured

अग्निकांड से बचाव और सुरक्षा के लिए विविध कार्यक्रम होंगे

इसमें सभी की भागीदारी आवश्यक है

 

14 से 20 अप्रैल तक ‘‘अग्निशमन सेवा सप्ताह’’का होगा आयोजन

 

 

दरभंगा, 13 अप्रैल, 2026 :-वरीय जिला समादेष्टा-सह-जिला अग्निशमन पदाधिकारी, दरभंगा ने बताया 14-20 अप्रैल, 2026 ‘‘ अग्निशमन सेवा सप्ताह’’ के अवसर पर जिला प्रशासन एवं उनके अधीनस्थ पदाधिकारियों के सहयोग से जिले में विभिन्न कार्यक्रम के आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष का थीम ‘‘सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित अस्पताल एवं अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक समाज आग की रोकथाम के लिए एक साथ’’ {Safe School, Safe Hospital & Fire Safety Aware Society Together for Fire Prevention} है।

उन्होंने कहा कि 14 अप्रैल को सभी अनुमण्डल अग्निशमन पदाधिकारी द्वारा अपने-अपने अनुमण्डल क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों/गणमान्य व्यक्तियों एवं जनप्रतिनिधियों को पिन फ्लैग लगायेंगे एवं वितरित करेंगे।

इसके साथ ही सभी अग्निशमन पदाधिकारियों/कर्मियों द्वारा स्मरणोत्सव दिवस परेड तथा अग्निशमन सेवा के शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए 02 मिनट का मौन रखेंगे।

उन्होंने कहा कि 14 अप्रैल को जिलान्तर्गत महत्वपूर्ण सरकारी/गैर-सरकारी अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा उपकरणों का रख-रखाव पर अस्पताल के कर्मियों को जानकारी दिया जाएगा तथा मॉकड्रील कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

 

15 अप्रैल को फिट इण्डिया मूवमेंट के तहत योग का आयोजन किया जायेगा एवं जिले के गणमान्य व्यक्तियों/वरिष्ठ पदाधिकारियों को भी इसमें आमंत्रित किया जाएगा।

इसके साथ ही जिले के बड़े सरकारी/गैर-सरकारी स्कूलों में आग से बचाव हेतु ‘‘क्या करें? क्या नहीं करें?’’ संबंधित एवं पोर्टेबल अग्निशमन यंत्रों के उपयोग पर जानकारी दिया जाएगा । अग्नि सुरक्षा जागरूकता हेतु मॉकड्रील कराया जायेगा। साथ ही मीडिल स्कूल/हाई स्कूल के छात्र/छात्राओं के बीच निष्क्रमण (स्थान खाली करना) ड्रील भी कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि 15 अप्रैल को एन.सी.सी. एवं स्कुली बच्चों के माध्यम से प्रभात फेरी का आयोजन किया जाएगा तथा योगा/शारीरिक शिक्षक के मदद से स्कूलों के बच्चों के साथ योगा का भी आयोजन किया जाएगा।

 

16 अप्रैल 2026 को फिट इण्डिया के तहत *प्रातः 08ः00 बजे मिनी मैराथन (05 किलोमीटर) का आयोजन किया जाएगा, जो राज मैदान, दरभंगा से – कामेश्वर सिंह संस्कृत विश्वविद्यालय, दरभंगा-बाघ मोड़, दरभंगा-बेला मोड़, दरभंगा-भंडार चौक, दरभंगा-डेनवी रोड-जी.एम. रोड, इनकम टैक्स चौराहा से वापस अनुमण्डल अग्निशामालय, दरभंगा तक होगा।

उन्होंने कहा कि मिनी मैराथन में स्थानीय लोग, अग्निशमन सेवा के पदाधिकारी/कर्मी, बिहार गृह रक्षा वाहिनी, दरभंगा के पदाधिकारी/कर्मी एवं अन्य शामिल होंगे।

मिनी मैराथन के दौरान आम जनता के बीच अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

अनुमण्डल अग्निशामालय, दरभंगा, लहेरियासराय, बेनीपुर तथा बिरौल के पदाधिकारियों, अग्निशमन कर्मियों तथा स्थानीय लोगों के साथ खेल प्रतियोगिता जैसे-बॉलीबाल, फुटबॉल, बैडमिंटन एवं किक्रेट का आयोजन किया जाएगा।

 

17 अप्रैल को  जिले के अपार्टमेंट/घरों/प्रमुख दुकानों/होटलों के लोगों के बीच बिजली से उत्पन्न होने वाली आग से बचाव के उपाय, सही मानक के उपकरणों का इस्तेमाल एवं तारों के उपयोग के बारे में जानकारी देते हुए मॉकड्रील का आयोजन किया जाएगा।

इसके साथ ही जिला अग्निशमन पदाधिकारी, विद्युत अभियंता एवं अनुमण्डल अग्निशामालय पदाधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से इस वर्ष का थीम ‘‘अग्नि सुरक्षा सुनिश्चित करें राष्ट्रीय निर्माण में योगदान दे’’ के विषय पर प्रेस कॉन्फ्रेस के माध्यम से भी आम लोगों को बिजली/शार्ट सर्किट से अग्नि सुरक्षा संबंधित जानकारी दी जाएगी।

 

18 अप्रैल को अनुमण्डल अग्निशामालय पदाधिकारियों द्वारा अग्नि प्रवण क्षेत्रों में आग न लगे और आग से बचाव और अग्निशमन कैसे किया जाए, इन बिन्दुओं पर ग्रामीणों के बीच स्थानीय जन-प्रतिनिधियों के साथ सामुदायिक भवन/पंचायत भवन में गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा।

 

19 अप्रैल को अनुमण्डल अग्निशामालय, दरभंगा, लहेरियासराय, बेनीपुर तथा बिरौल के पदाधिकारियों, द्वारा जिले के फैक्ट्री/कारखानों/व्यवायिक संस्थानों/ऊँचे भवन/बड़े कोचिंग संस्थानों में आग लगने के कारणों तथा उससे बचाव के बारे में जानकारी दिया जाएगा तथा मॉकड्रिल कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

 

उन्होंने कहा कि 20 अप्रैल को  जिला स्तर पर महत्वपूर्ण सरकारी/गैर-सरकारी स्कूलों में स्कूली बच्चों के बीच निबंध/पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन करते हुए पुरस्कार वितरण किया जाएगा।

साथ ही एल.पी.जी. गैस एवं सी.एन.जी. से लगने वाले आग के कारण एवं अन्य कारणों से आग नहीं लगे, इस बिन्दु पर सुझाव तथा सावधानियों आदि पर प्रत्येक अनुमण्डल अग्निशामालय अन्तर्गत गोष्ठी एवं प्रदर्शन का आयोजन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *