Featured

SI छेड़छाड़ के आरोप में निलंबित:दरभंगा में महिला गृहरक्षक ने लगाया आरोप, SSP ने की कार्रवाई।

दरभंगा में महिला गृहरक्षक ने लगाया आरोप, SSP ने की कार्रवाई।

दरभंगा के मोरो थाना में पदस्थापित SI रौशन कुमार पर एक महिला गृहरक्षक से छेड़छाड़ का आरोप है। दरभंगा पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई की है। बुधवार की देर शाम वरीय पुलिस अधीक्षक ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस केंद्र, दरभंगा में योगदान देने का आदेश जारी किया।

मोरो थाना में रिजर्व गार्ड में तैनात एक बिहार होम गार्ड की महिला सिपाही ने 2 दिसंबर को थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देते हुए आरोप लगाया। इसमें कहा कि 1 दिसंबर की रात लगभग 8 बजे थाने में ही स्थित पुलिस बैरक के महिला रूम में घुसकर एसआई रौशन कुमार ने उसके साथ छेड़छाड़ की। महिला गृहरक्षक के विरोध करने व हल्ला मचाने पर आरोपी कमरे से बाहर निकल गया। घटना की सूचना वरीय पुलिस अधिकारियों तक पहुंचाई गई।

पीड़िता को कोर्ट में किया जाएगा पेश

घटना की जानकारी मिलने पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर, दरभंगा राजीव कुमार ने मंगलवार को मोरो थाना पहुंचकर पूरे मामले की गहराई से जांच-पड़ताल की। इसी बीच थानाध्यक्ष दिव्य ज्योति कुमारी छुट्‌टी समाप्त कर थाने पहुंच गईं और उन्होंने पीड़िता को न्यायालय में प्रस्तुत किया। न्यायालय के निर्देश पर महिला गृहरक्षक का चिकित्सकीय परीक्षण और BNS धारा 183 के तहत बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

थानाध्यक्ष के भेजे गए रिपोर्ट और प्राथमिकी में दर्ज गंभीर आरोपों के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक दरभंगा जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने SI रौशन कुमार को सामान्य जीवन यापन भत्ता पर निलंबित कर दिया है।निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र, दरभंगा निर्धारित किया गया है।

एक पुलिस अधिकारी पर इस तरह के आरोप के बाद मोरो थाना से लेकर जिला मुख्यालय तक चर्चा तेज हो गई है।

फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस प्रशासन आगे की कार्रवाई में जुटा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *