Featured

नवनिर्वाचित विधायक माधव आनंद बोले:मधुबनी का सर्वांगीण विकास होगा, चीनी मिलों को फिर से शुरू करने की घोषणा की।

मधुबनी विधानसभा-36 के नवनिर्वाचित विधायक माधव आनंद ने सर्किट हाउस में बुधवार सुबह 10:30 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने मधुबनी के सर्वांगीण विकास और बंद चीनी मिलों को फिर से शुरू करने सहित कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

ट्रिपल इंजन की सरकार से होगा विकास

विधायक आनंद ने कहा कि मधुबनी विधानसभा का ‘ट्रिपल इंजन’ (सांसद, मेयर और विधायक) मिलकर क्षेत्र का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करेगा। उन्होंने बस स्टैंड के जीर्णोद्धार, स्टेडियम निर्माण और जल-जीवन-हरियाली योजना के तहत तालाबों के नवीनीकरण की बात कही।

श्रमिकों के पलायन को रोकने का प्रयास-विधायक

उन्होंने बताया कि चुनाव के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री, गृह विभाग के अधिकारियों और शीर्ष नेताओं से कई बार मुलाकात कर जिले में बंद पड़ी चीनी मिलों को फिर से चालू करने की मांग की है। इसके अतिरिक्त जिले से श्रमिकों के पलायन को रोकने और उन्हें स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के लिए भी हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

‘सड़क और नाला निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाएगी’

माधव आनंद ने यह भी कहा कि मधुबनी शहर को आधुनिक रूप दिया जाएगा। सड़क और नाला निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाएगी। साथ ही सार्वजनिक शौचालय व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया जाएगा। पर्यावरण संरक्षण के लिए भी कार्य किए जाएंगे। उन्होंने क्षेत्र में अधिक समय बिताने और लोगों की समस्याओं को सुनने का आश्वासन दिया।

किसी के पेट में दर्द हो, तो हमारी सरकार ठीक कर देगी

विधायक आनंद ने जोर देकर कहा कि मधुबनी के सांसद, मेयर और विधायक तीनों ही एनडीए से हैं, जिससे जल्द ही चौतरफा विकास देखने को मिलेगा। चीनी मिलों को खोलने की बात पर उन्होंने एक टिप्पणी भी की, “अगर किसी को पेट में दर्द हो रहा है तो इसमें हम कुछ नहीं कर सकते हैं। अगर डॉक्टर से उनका इलाज नहीं हो पा रहा है तो हमारे पास भेज दें, हमारी सरकार उनकी तबीयत ठीक कर देगी।”

शहर के सर्वांगीण विकास का संकल्प दोहराया

इस अवसर पर मधुबनी नगर निगम के मेयर और भाजपा राष्ट्रीय परिषद सदस्य अरुण राय भी उपस्थित थे। उन्होंने भी मधुबनी शहर के सर्वांगीण विकास का संकल्प दोहराया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रफुल्ल झा, संजय पांडेय, मनोज चौधरी, रालोमो प्रियरंजन पांडेय, सन्नी सिंह, साजन सिंह, राम बहादुर चौधरी, सतीश दास, रंजीत कामत, अरुण झा, पवन सिंह पप्पू सहित एनडीए के अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *