Featured

दरभंगा-मुजफ्फरपुर NH-27 पर सेब से लदा ट्रक पलटा:कश्मीर से असम जा रहा वाहन, कंसी के पास घंटों यातायात बाधित।

दरभंगा-मुजफ्फरपुर राष्ट्रीय उच्च पथ (NH-27) पर कंसी के पास रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब कश्मीर से सेब लेकर असम की ओर जा रहा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद दरभंगा की ओर जाने वाली लेन पर कई घंटों तक यातायात बाधित रहा और वाहनों की लंबी कतार लग गई।

अनियंत्रित होकर पलटा ट्रक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कंसी से आगे बढ़ते ही चालक का ट्रक पर से नियंत्रण हट गया। चालक के अचानक ब्रेक लगाने पर वाहन असंतुलित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में चालक को मामूली चोटें आईं, जबकि ट्रक को बड़ा नुकसान पहुंचा। घटना की सूचना मिलते ही सिमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से ट्रक पर लदे सेब को उतारने का कार्य शुरू कराया और फिर जेसीबी की सहायता से ट्रक को हटाकर सड़क को यातायात के लिए खोल दिया। चालक ने बताया कि सड़क के खराब होने और अचानक ट्रक के हिलने से वह नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह दुर्घटना हुई।

खराब सड़क को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी

उधर, स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की स्थिति लंबे समय से खराब है। NH-27 पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि इसी मार्ग पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है। सिमरी थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि ट्रक को सड़क से हटा दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *