Featured

बिहार चुनाव परिणाम पर दिग्विजय सिंह का तंज:बोले- ऐसे चुनाव नार्थ कोरिया, रूस और चीन में होते हैं; सारे वोट एक पार्टी को जाते हैं।

गुना में मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने बिहार चुनाव के नतीजों पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि चुनावों की स्थिति “नॉर्थ कोरिया, रूस और चीन” जैसी होती जा रही है, जहां एक ही पार्टी को सारे वोट मिल जाते हैं।

वे शनिवार को राघौगढ़ के आवन गांव के वाचस्पति संस्कृत विद्यालय में आयोजित त्रिदिवसीय क्षेत्रीय वैदिक सम्मेलन एवं चतुर्वेद पारायणम् कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। यह आयोजन महर्षि सान्दीपनि राष्ट्रीय वेद विद्यापीठ, उज्जैन (भारत सरकार) एवं संकटमोचन हनुमान मंदिर समिति ट्रस्ट, आवन द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है।

बोले- 62 लाख वोट कटे, 20 लाख जुड़े बिहार चुनाव का जिक्र करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा 62 लाख वोट कटे और 20 लाख वोट जुड़े। किसके वोट कटे और किसके जुड़े, चुनाव आयोग ने जानकारी नहीं दी। ऐसे नतीजे तो नॉर्थ कोरिया और रूस में आते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने की जिम्मेदारी चुनाव आयोग की है, लेकिन अब उल्टा वोटरों पर भार डाल दिया गया है।

फॉर्म भरवाने की जिम्मेदारी आयोग की है। अब कह रहे हैं कि तुम फॉर्म भरो, पिताजी का जन्म प्रमाण पत्र लाओ, दादा का सर्टिफिकेट लाओ। जिसने मैट्रिक पास नहीं की, वह कहां से सर्टिफिकेट लाएगा?”

दिग्विजय सिंह ने आधार को मान्यता न देने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा पासपोर्ट और बैंक अकाउंट आधार से बन जाता है, तो मतदाता सूची में आधार क्यों नहीं? 11 दस्तावेज़ मान लिए, पर आधार नहीं रखा।

महिलाओं को 10 हजार रुपए बांटने पर प्रतिक्रिया बिहार सरकार द्वारा महिलाओं को 10 हजार रुपए देने को चुनावी फैक्टर मानने के सवाल पर उन्होंने कहा ये जनता का ही पैसा है। एक हाथ से लेते हो, दूसरे हाथ से देते हो। इसे मैं कारण नहीं मानता।

बोले- EVM और VVPAT पर पूरा भरोसा जरूरी दिग्विजय सिंह ने कहा कि EVM और मतगणना की पारदर्शिता सबसे जरूरी है। मेरा अधिकार है कि जिसे वोट दूं, उसकी गिनती सही हो। दुनिया के कई देशों में वोट डालने के बाद पर्ची हाथ में दी जाती है। VVPAT पर्ची 7 सेकेंड क्यों दिखाते हो? हमें हाथ में दो, हम बैलट बॉक्स में खुद डालेंगे।

उन्होंने 100% VVPAT काउंटिंग की मांग करते हुए कहा गिनती आसानी से हो सकती है। 14-15 नहीं, 50 टेबल लगा दो। अधिकारियों की कमी नहीं।

‘अब विपक्षी दल मिलकर तय करेंगे आगे की रणनीति’ देश के 12 राज्यों में SIR (सिस्टमेटिक वोटर रजिस्ट्रेशन) लागू करने और आगामी चुनाव इसी तरीके से कराने को लेकर पूछे गए सवाल पर दिग्विजय सिंह ने कहा अब इस पर सभी विपक्षी पार्टियों को मिलकर निर्णय लेना पड़ेगा कि इसे कब तक बर्दाश्त करना है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *