Featured

डोटासरा बोले-एग्जिट पोल फर्जी, बिहार में बनेगी महागठबंधन की सरकार।

पीसीसी चीफ ने कहा कि वोट चोरी के खिलाफ राजस्थान में 15 लाख हस्ताक्षर हुए हैं, जिन्हें हम अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को भेजेंगे.

 

जयपुर: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर एग्जिट पोल में एनडीए की सरकार बनने के दावे को फर्जी बताया. डोटासरा बोले-बिहार में महागठबंधन की सरकार बनेगी. एनडीए का सूपड़ा साफ होगा.

पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने बुधवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि एग्जिट पोल फर्जी होते हैं. लोकसभा चुनाव में भी सभी एग्जिट पोल ने एनडीए को कितनी सीटें दी थी और कितनी सीटों पर आकर एनडीए टिका था. एक एग्जिट पोल करने वाला तो रोने ही लग गया था. डोटासरा ने कहा कि यही वजह है कि राहुल गांधी लगातार कह रहे हैं कि मीडिया को निष्पक्ष होना चाहिए. लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुरूप काम करना चाहिए. किसी के भी प्रभाव में मीडिया को नहीं आना चाहिए.

 

डोटासरा ने कहा कि लोकसभा चुनाव में महागठबंधन ने एग्जिट पोल का बहिष्कार किया था. उन्होंने दावा किया कि बिहार में महागठबंधन की सरकार बनेगी. राजस्थान में अंता में कांग्रेस बड़े अंतर से चुनाव जीतेगी. भाजपा के लोग दुष्प्रचार और सत्ता का दुरुपयोग करते हैं. अंता में तीन बार 50-50 पुलिस कर्मियों को उन होटलों में भेजा, जहां कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता ठहरे थे. ‘मैं पहुंचा तब भी पुलिस भेजी, पूछा तो कारण नहीं बता पाए’.

वोट चोरी के खिलाफ 15 लाख हस्ताक्षर: प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वोट चोरी के खिलाफ हमने एक माह हस्ताक्षर अभियान चलाया, जिसमें 11 लाख हस्ताक्षर हो चुके. 4 लाख आज कलेक्ट कर लेंगे. हमारे पास 15 लाख हस्ताक्षर फॉर्म आ चुके हैं. इन्हें जल्द अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को भेजेंगे. कांग्रेस कमेटी राष्ट्रपति को 15 लाख ज्ञापन को देगी.

 

टास्क पूरा नहीं करने पर सीएस को हटाया:पीसीसी अध्यक्ष ने कहा कि शुरू से कह रहे हैं कि राजस्थान में सब आपस में लड़ रहे हैं.ब्यूरोक्रेसी और सरकार मिलकर प्रदेश को लूट रहे हैं. कोई बोलने वाला नहीं है. यह प्रदेश किसी एक व्यक्ति की बपौती नहीं है. अगर यहां भ्रष्टाचार होता है और संपदा की लूट होती है तो सबका दायित्व है कि इसके खिलाफ मुखर हों.

 

गुजरात से व्यापारी आए और लूट कर चले जाएं, यही गुजरात मॉडल है. अब राजस्थान में कमीशन नहीं बल्कि हिस्सेदारी होती है. हो सकता है कि ऊपर से मुख्य सचिव सुधांश पंत को कोई टास्क दिया होगा और वे टास्क पूरा करने में असफल रहे होंगे, इसलिए दिल्ली बुला लिया होगा. वैसे दिल्ली में भी उन्हें ठंडी जगह ही बुलाया था, लेकिन टास्क पूरा नहीं हुआ. हो सकता है कि वे किसी बड़े व्यापारी का टास्क होगा.

SIR पर रखेंगे पैनी नजर: प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वोट चोरी के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान आज संपन्न हुआ. एआईसीसी के निर्देश पर ध्वज वंदना की और अब वोट चोरी के खिलाफ दूसरे चरण का अभियान शुरू करेंगे.

 

नवंबर के आखिरी सप्ताह में दिल्ली में बड़ी रैली भी होगी. हम समीक्षा करेंगे कि वोट चोरी के खिलाफ अभियान में किसकी क्या भूमिका रही. कहां कमी रही. कहां कितने हस्ताक्षर अभियान हुए. SIR को लेकर भी कार्यशाला की. भाजपा यहां भी वोट चोरी के जरिए निकाय और पंचायत चुनाव में दमखम दिखाने जा रही है. वैसे उनमें चुनाव कराने की हिम्मत नहीं है.

52 हजार बीएलए: डोटासरा ने कहा कि हमने 52 हजार 439 बीएलए की लिस्ट तैयार की. वहां ऑब्जर्वर नियुक्त कर देंगे, जो बीएलए को प्रशिक्षण देंगे. जिन बूथों पर कार्यकर्ता सक्रिय नहीं है, उनकी जगह दूसरे लोगों को लगाएंगे. मकसद है कि 52 हजार बूथों पर कार्यकर्ता पूरी तरह कैसे सक्रिय रहे ताकि एसआईआर प्रक्रिया पर नजर रखी जा सके. कार्यशाला से पहले नारायण सिंह सर्किल स्थित टोटका भवन में ध्वज वंदना कार्यक्रम रखा गया, जहां डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी और राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट आदि मौजूद थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *