838 मतगणना कर्मियों को िदया गया प्रशिक्षण।
बिहार विधान सभा आम निर्वाचन के तहत मतगणना कार्य को सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से बीपी प्लस टू स्कूल में मतगणना कर्मियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में कुल 838 मतगणना कर्मियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण का संचालन मास्टर ट्रेनरों द्वारा किया गया। इस अवसर पर निर्वाचन से संबंधित अधिकारियों ने मतगणना के दिन की जाने वाली व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधन, संचार प्रणाली एवं नियंत्रण कक्ष से समन्वय स्थापित करने की प्रक्रिया के बारे में भी बताया गया। प्रशिक्षण के उपरांत प्रतिभागियों के प्रश्नों का समाधान किया गया तथा सभी कर्मियों को निर्धारित समय पर मतगणना केंद्र पर अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इसको लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी तुषार सिंगला ने कहा कि मतगणना प्रक्रिया लोकतांत्रिक व्यवस्था का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है। प्रत्येक कर्मी को अपनी भूमिका गंभीरता एवं निष्पक्षता के साथ निभानी चाहिए ताकि मतगणना कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ सम्पन्न हो। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से कर्मियों को व्यावहारिक जानकारी देने का उद्देश्य यह है कि मतगणना के दिन किसी भी प्रकार की त्रुटि या विलंब न हो।
बिहार विधान सभा आम निर्वाचन के मतदान के उपरांत जिले के सातों विधान सभा क्षेत्रों की पोल्ड ईवीएम को कृषि उत्पादन बाजार समिति, बेगूसराय स्थित बज्र गृह में सुरक्षित रखा गया है। जहां 14 नवंबर 2025 को मतगणना होना है।
इसको लेकर मतगणना को लेकर बज्र गृह की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा बज्र गृह की सुरक्षा को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। डीएम ने बाजार समिति के मुख्य प्रवेश द्वार पर आने-जाने वाले सभी व्यक्तियों की सघन जाँच के लिए दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की है।
ज्ञात हो कि कृषि उत्पादन बाजार समिति, परिसर में राजनीतिक दलों के प्राधिकृत प्रतिनिधि, विभिन्न पदाधिकारी तथा बाजार समिति में कार्यरत एजेंसियों एवं मजदूरों का लगातार आवागमन होता है।
इसको लेकर डीएम ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को बज्र गृह में प्रवेश करने से पूर्व सभी अभ्यर्थियों, पदाधिकारियों एवं अन्य कर्मियों की सघन जाँच करने को कहा। साथ ही कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी व्यक्ति अनधिकृत रूप से कृषि उत्पादन बाजार समिति परिसर में प्रवेश न कर सके। साथ ही, प्रत्येक पाली में दंडाधिकारी की भी प्रतिनियुक्ति की गई है, जो सम्पूर्ण परिसर की निगरानी करेंगे, जाँच व्यवस्था का पर्यवेक्षण करेंगे तथा सुरक्षा बलों के साथ समन्वय स्थापित कर वज्र गृह क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखेंगे।
