पूजा का सामान, बर्तन समेत कैश बरामद; दुकान पर बेचने के दौरान पुलिस ने दबोचा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते डीएसपी बासुकीनाथ झा और पुलिस हिरासत में पकड़ा गया चोरी का आरोपी।
दरभंगा के बहेड़ा थाना क्षेत्र के नवादा गांव में एक मंदिर से चोरी के आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया है। आरोपी के पास से मंदिर में यूज किए जाने वाले बर्तन, पूजा का सामान और कैश बरामद किए गए हैं। आरोपी की गिरफ्तारी उस वक्त की गई, जब वो एक दुकान पर चोरी किए गए सामान को बेचने पहुंचा था।
दरअसल, 8 नवंबर की रात नवादा भगवती स्थान मंदिर से तीन अज्ञात चोरों ने दानपेटी और पूजा में यूज किए जाने वाले सामान और बर्तन की चोरी कर ली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए दरभंगा के सीनियर एसपी जगुनाथ रेड्डी जलारड्डी के निर्देश पर स्पेशल टीम गठित की गई थी।
पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपी की पहचान मनिगाछी थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव के रहने वाले रामलखन यादव के बेटे 25 साल के राहुल कुमार यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से मंदिर का पीतल का कलश, दीप ज्योति, घंटा, दिया, लोटा तथा 800 रुपए कैश बरामद किया है।
कबाड़ी की दुकान पर चोरी का सामान बेचने पहुंचा था आरोपी
रविवार 9 नवंबर की दोपहर करीब 12:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि आशापुर स्थित प्रदीप कुमार यादव के कबाड़ी दुकान पर कोई व्यक्ति मंदिर की पूजा सामग्री बेचने आया है। पुलिस ने वैरिफिकेशन किया और मामला सत्य पाए जाने के बाद आसपास के लोगों की मदद से आरोपी को पकड़ लिया और थाना लाकर उससे पूछताछ की गई।
मंदिर में चोरी के आरोपी के पकड़े जाने की सूचना के बाद बहेड़ा थाना पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
मंदिर में चोरी के आरोपी के पकड़े जाने की सूचना के बाद बहेड़ा थाना पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
मंदिर के सचिव, सदस्यों को बुलाकर बरामद सामान की पहचान कराई गई
मंदिर के सचिव एवं सदस्यों को बुलाकर बरामद सामान की पहचान कराई गई, जिसमें सभी वस्तुएं मंदिर की ही पाई गईं। पूछताछ के दौरान आरोपी राहुल यादव ने अपराध स्वीकार किया और अपने दो अन्य साथियों के नाम भी बताए, जो फिलहाल फरार हैं।
सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के SDPO बासुकीनाथ झा ने बताया कि मामला मंदिर से जुड़ा था, इसलिए सीनियर एसपी ने इसे गंभीरता से लिया। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और फिंगरप्रिंट जांच भी की। इसी दौरान सूचना मिली कि चोरी का सामान कबाड़ी दुकान में बेचा जा रहा है। वहां से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
बासुकीनाथ झा ने ये भी खुलासा किया कि आरोपी ने पूछताछ में एक अन्य मंदिर मनिगाछी प्रखंड के भंडारिसम स्थित वाणेश्वरी भगवती स्थान में हुई चोरी की घटना में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। आरोपी ने बताया कि वे मंदिरों को इसलिए निशाना बनाते थे क्योंकि वे अक्सर गांव से थोड़ा दूर और शांत स्थान पर होते हैं।
पुलिस अब शेष चोरी का सामान बरामद करने और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
