सहरसा इंजीनियरिंग कॉलेज में छात्रों का प्रोटेस्ट:मेस के खाने में कीड़े मिलने पर प्रिंसिपल को हटाने की मांग।
सहरसा इंजीनियरिंग कॉलेज में शुक्रवार को छात्र-छात्राओं ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों ने आरोप लगाया कि छात्रावास के भोजन में लगातार लापरवाही बरती जा रही है। बीते मंगलवार रात मैस में परोसे गए खाने की चार-पांच प्लेटों में कीड़े पाए गए थे।
छात्रों ने इस घटना की शिकायत वार्डन से की थी। छात्रों के अनुसार, शिकायत पर प्रिंसिपल ने कहा कि जिनकी प्लेट में कीड़े मिले हैं, वे खाना न खाएं। इस बयान के बाद छात्रों का आक्रोश बढ़ गया।
सहरसा इंजीनियरिंग कॉलेज में विरोध प्रदर्शन करते छात्र।
छात्रों ने मेस बदलने की मांग की
इसके बाद छात्रों ने मेस बदलने की मांग की। स्थिति बिगड़ती देख प्रिंसिपल ने मेस को बंद करा दिया, लेकिन छात्रों के लिए कोई ऑप्शनल भोजन व्यवस्था नहीं की गई। बुधवार को भी छात्रों ने विरोध जताया था, और शुक्रवार को फिर से प्रदर्शन शुरू हुआ।
150 छात्रों ने एकजुट होकर प्रिंसिपल को हटाने की मांग की
लगभग 150 छात्रों ने कॉलेज परिसर में एकजुट होकर प्रिंसिपल को हटाने की मांग की। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि प्रिंसिपल बिना जांच किए छोटी-छोटी बातों पर ₹1000 का जुर्माना वसूलते हैं, जिसे वे मनमानी बताते हैं।
DSP अजीत कुमार पुलिस बल के साथ कॉलेज पहुंचे
हंगामे की सूचना मिलने पर साइबर थाना के DSP अजीत कुमार पुलिस बल के साथ कॉलेज पहुंचे। डीएसपी अजीत कुमार ने छात्र-छात्राओं से बात की और आश्वासन दिया कि मैस संचालन के लिए एक कमेटी बनाई जाएगी, जो भोजन की गुणवत्ता की निगरानी करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी छात्र पर जुर्माना लगाने से पहले उचित जांच सुनिश्चित की जाएगी।
छात्रों की मांग पर मेस को बंद किया गया
वहीं, कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. आर.सी. प्रसाद ने बताया कि भोजन में कीड़े मिलने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांग पर मेस को बंद किया गया है। छात्र फिलहाल अपने खर्च पर बाहर से भोजन ला रहे हैं। असंतुष्ट छात्रों ने सदर एसडीएम और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर प्रिंसिपल को हटाने की मांग की है।
