कम मतदान प्रतिशत वाले क्षेत्रों में चला मतदाता जागरूकता अभियान।
पंडौल प्रखंड अंतर्गत न्यूनतम मतदान केंद्र वाले बूथ क्षेत्रों में मंगलवार को जीविका दीदियों द्वारा व्यापक मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। स्वीप कोषांग के निर्देशन में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और लोगों को लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित करना था।
अभियान के दौरान जीविका दीदियों ने रंगोली बनाकर मतदान के महत्व का संदेश दिया। उन्होंने विभिन्न आकर्षक नारों के माध्यम से लोगों से अपील की कि वे भयमुक्त, निर्भीक और स्वच्छ वातावरण में मतदान करें। साथ ही लोगों को मतदान का महत्व समझाया गया। कार्यक्रम के दौरान जीविका दीदियों ने मतदाताओं से संवाद किया, उन्हें मतदान की प्रक्रिया से अवगत कराया तथा यह विश्वास दिलाया कि प्रत्येक मत लोकतंत्र की मजबूती में अहम भूमिका निभाता है। मौके पर मौजूद लोगों को मतदाता शपथ भी दिलाई गई, जिसमें सभी ने निष्पक्ष, निर्भीक और शत-प्रतिशत मतदान का संकल्प लिया।
अभियान में बड़ी संख्या में जीविका दीदियाँ और ग्रामीण महिलाएँ शामिल हुईं। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना की और आश्वासन दिया कि वे आगामी 11 नवम्बर को अपने मत का प्रयोग अवश्य करेंगे। बिस्फी प्रखंड में मंगलवार को बाल विकास परियोजना कार्यालय द्वारा मतदाता जागरूकता कार्यक्रम सह घर-घर दस्तक अभियान के माध्यम से मतदाताओं को शत-प्रतिशत मतदान करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इसी क्रम में मंगलवार को सीडीपीओ सुशीला कुमारी के नेतृत्व में सेविकाओं द्वारा बिस्फी प्रखंड के जगवन पश्चिमी पंचायत के मतदान केंद्र संख्या-09 के आस-पास के क्षेत्रों में घर-घर दस्तक अभियान के माध्यम से मतदाताओं को अपना-अपना मतदान अवश्य करने हेतु प्रेरित किया गया। सेविकाओं द्वारा मतदान केंद्र पर रंगोली भी बनाई गई जिसने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।
साथ ही सेविका, सहायिका व स्थानीय नागरिकों के द्वारा मतदान करने हेतु संकल्प भी लिया गया। प्रतिभागियों ने जोश के साथ जागरूकतापूर्ण नारे लगाते हुए आमजन को लोकतंत्र के पर्व में भागीदारी हेतु प्रेरित किया। साथ ही मधवापुर प्रखंड के बासुकी बिहारी दक्षिणी पंचायत के मतदान केंद्र संख्या-22, पिरोखर पंचायत के मतदान केंद्र संख्या-112 तथा बासुकी बिहारी उत्तरी पंचायत के मतदान केंद्र संख्या-16 के आस-पास के क्षेत्रों में भी मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया।
