Featured

हर मतदाता को जागरूक कर शत-प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को प्राप्त करना उद्देश्य, मतदान के लिए प्रेरित किया जाएगा।

बिहार विधानसभा चुनाव के तहत मतदाता जागरूकता को बढ़ाने के उद्देश्य से समाहरणालय परिसर से डीएम सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी आनंद शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक ने पांच मतदाता जागरूकता प्रचार रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह कार्यक्रम स्वीप गतिविधि के अंतर्गत आयोजित किया गया है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक मतदाता को जागरूक कर शत-प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को प्राप्त करना है।

 

यह प्रचार रथ जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में भ्रमण करते हुए ऑडियो-वीडियो सामग्री के माध्यम से आम मतदाताओं को आगामी 11 नवंबर को मतदान में भाग लेने के लिए प्रेरित करेंगे। जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य लोगों को लोकतंत्र के इस महापर्व में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना है। प्रचार रथ छठ पर्व के अवसर पर विभिन्न घाटों पर जाकर श्रद्धालुओं को मतदान का महत्व बताएंगे तथा उन्हें मतदान के दिन मतदान केंद्रों तक पहुंचने के लिए प्रेरित करेंगे।

 

साथ ही, ये रथ जिले के उन क्षेत्रों में विशेष रूप से जाएंगे जहां पिछले चुनाव में मतदान प्रतिशत अपेक्षाकृत कम रहा था, ताकि इस बार अधिक से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। इस अवसर पर डीएम आनंद शर्मा ने कहा कि प्रत्येक मतदाता की भागीदारी ही सशक्त लोकतंत्र की पहचान है। मतदान न केवल अधिकार है बल्कि यह हमारा कर्तव्य भी है, अतः सभी मतदाता 11 नवंबर को मतदान अवश्य करें। पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने कहा कि शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त चुनाव को लेकर सभी तैयारियां की जा रही है।

 

सभी मतदाता निर्भी क होकर 11 नवंबर को अवश्य मतदान करे। मौके पर उपस्थित स्वीप कोषांग के नोडल पदाधिकारी परिमल कुमार ने बताया कि इस प्रचार रथ में मतदाता से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारी के साथ-साथ जिला पदाधिकारी का संदेश, जिला स्वीप आइकॉन की अपील एवं अन्य संदेशों को भी शामिल किया गया है। यह प्रचार वाहन जिले के मतदाताओं को सशक्त और सचेत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

हर मतदाता की भागीदारी सशक्त लोकतंत्र की पहचान, इसलिए चुनाव में मतदान जरूर करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *