Featuredदरभंगाप्रादेशिक

शादी के 2 दिन बाद दूल्हे की हत्या, हाथों की मेहंदी उतरने से पहले विधवा हुई नवविवाहिता

बिहार में अपराधी आए-दिन हत्या, लूटपाट जैसी बड़ी-बड़ी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला गया जिले से सामने आया है, जहां पर बदमाशों ने एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी। युवक की दो दिन पहले ही शादी हुई थी। वह औरंगाबाद से दुल्हन लेकर आया था। वहीं, युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। शादी की खुशियां भी मातम में बदल गई।

जानकारी के मुताबिक, मामला जिले के गुरुआ प्रखंड के गुरुआ थाने का है। मृतक की पहचान गया के गुरुआ प्रखंड की पलुहारा पंचायत के लकराही गांव के रहने वाले अशोक यादव के रूप में की गई। मृतक के परिजनों ने बताया कि 29 मई को अशोक कुमार की शादी औरंगाबाद की रहने वाली रेवती कुमारी से हुई थी। शादी के बाद बारात दुल्हन की विदाई कर 30 मई को लौट गई थी। बीते बुधवार (31) को चौठारी की रस्म हो रही थी। इसी बीच अशोक ने घर वालों को बताया कि वह अपने दोस्त से मिलने जा रहा है, लेकिन देर रात तक वह घर नहीं लौटा। इसके बाद गांव में छानबीन की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। युवक की कोई जानकारी नहीं मिलने पर घर वालों ने गुरुआ थाने को सूचना दी।

वहीं, गुरुवार की सुबह अशोक यादव का शव गुनेरी पंचायत के नहर के किनारे फेंका हुआ मिला। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में भीड़ जुट गई। मौके पर क्षेत्रीय विधायक विनोद यादव भी पहुंचे। डॉग स्कवायड की टीम को भी बुलाया गया हैं। थानाध्यक्ष अनिल सिंह ने बताया कि पुलिस घटनास्थल की जांच कर रही है। फिलहाल हत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *