Featured

छठ को लेकर तालाबों व नदी घाटों की सफाई, सुरक्षा-रोशनी की व्यवस्था होगी।

छठ महापर्व के अवसर पर दरभंगा नगर निगम क्षेत्र के सभी तालाबों एवं नदी घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नगर आयुक्त ने निर्देश जारी किया है। निगम प्रशासन ने तीनों जोन प्रभारी, सभी सफाई अधीक्षक, स्वास्थ्य शाखा, स्थापना शाखा तथा अभियंताओं को दायित्व सौंपते हुए निर्देश दिया है कि किसी भी घाट पर छठ व्रतियों को असुविधा न हो। आदेश के अनुसार, परिशिष्ट में अंकित सभी घाटों पर उपलब्ध मानव बल को घाटवार प्रतिनियुक्त किया जाएगा। प्रत्येक कर्मी का नाम, मोबाइल नंबर और नियुक्त स्थल की जानकारी संबंधित शाखाओं को उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा। सफाई अधीक्षकों को निर्देश है कि अपने-अपने वार्ड के अधीनस्थ कर्मियों एवं प्रतिनियुक्त मानव बल से छठ पूजा होने वाले सभी तालाबों और घाटों की सफाई कार्य पूर्ण कराएं। जरूरत के अनुसार अतिरिक्त मानव बल या संसाधन की मांग समय पर स्वास्थ्य या स्थापना प्रभारी को की जाएगी। नगर प्रबंधक एवं उप नगर आयुक्त को वरीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है, जो प्रत्येक दिन कार्य की प्रगति रिपोर्ट नगर आयुक्त को प्रस्तुत करेंगे।

नगर निगम के सहायक अभियंता और कनीय अभियंताओं को निर्देश दिया गया है कि वे अपने क्षेत्र के छठ घाटों का प्रतिदिन निरीक्षण करें और सुरक्षा संबंधी सभी कार्य पूर्ण कराएं। इसमें नदी या दलदल घाटों पर बैरिकेडिंग, पहुंच पथ की मरम्मत, समतलीकरण, जल निकासी, जलकुंभियों की सफाई तथा महिलाओं के लिए अलग चेंजिंग रूम की व्यवस्था शामिल है। महत्वपूर्ण घाटों पर कंट्रोल रूम, वाच टॉवर, लाइट, लाउडस्पीकर, कुर्सी और जनरेटर जैसी व्यवस्था करने को कहा गया है। विद्युत सुरक्षा के सभी तारों की जांच का निर्देश दिया गया है। असैनिक शल्य चिकित्सक से एम्बुलेंस व्यवस्था और अंचलाधिकारी से नाव व गोताखोर की सुविधा सुनिश्चित करने को कहा गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *