Featured

मधुबनी में एसएसबी और बासोपट्टी पुलिस ने की कार्रवाई:ब्राउन शुगर और देसी कट्टा बरामद, दो गिरफ्तार।

मधुबनी जिले के महीनाथपुर में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और बासोपट्टी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर ब्राउन शुगर और एक देसी कट्टा बरामद किया। इस दौरान दो आरोपियों, दीपक साह और राहुल साह, को गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई।

48वीं वाहिनी, एसएसबी जयनगर के कमांडेंट गोविंद सिंह भंडारी के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया था। इस टीम में उप कमांडेंट विवेक ओझा (टीम लीडर), निरीक्षक भगवान सहाय मीणा और 10 अन्य एसएसबी जवान शामिल थे। बासोपट्टी थाना के एसएचओ विकास कुमार के साथ समन्वय कर संयुक्त टीम बनाई गई।

सीओ एवं मजिस्ट्रेट विकास कुमार की उपस्थिति में टीम ने महीनाथपुर वार्ड संख्या-07 स्थित दीपक साह के घर पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान ब्राउन शुगर और एक देशी निर्मित कट्टा बरामद किया गया। मौके पर दीपक साह और राहुल साह को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गंगौर निवासी अविनाश शुक्ल से ब्राउन शुगर खरीदते थे और हथियार नेपाल से लाते थे। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि दीपक साह पहले महीनाथपुर चेक पोस्ट पर एसएसबी जवानों के साथ हुई मारपीट और फायरिंग में वांछित आरोपी रह चुके हैं।

कमांडेंट गोविंद सिंह भंडारी ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र में नशा और अवैध हथियार तस्करी पर कड़ी निगरानी जारी है। उन्होंने बताया कि इस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए बासोपट्टी थाना पुलिस को जिम्मा सौंप दिया गया है और किसी भी अवैध गतिविधि में संलिप्त व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *