समस्तीपुर प्रधान डाकघर में जीविका दीदियों की भीड़:अकाउंट से दस हजार रुपए निकालने पहुंची महिलाएं, अव्यवस्था से बढ़ी परेशानी।
समस्तीपुर प्रधान डाकघर में जीविका दीदियों की भीड़ लगी है। ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ के तहत 10-10 हजार रुपए निकालने के लिए भीड़ उमड़ी है। विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रधान डाकघर के गेट पर महिला पुलिसकर्मी भी तैनात की गई हैं।
विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले बिहार सरकार ने महिलाओं को दस हजार रुपए देने की घोषणा की थी। यह राशि दो किस्तों में दी जा रही है। इसी राशि को निकालने के लिए महिलाएं सुबह से ही प्रधान डाकघर में लाइन लगाकर खड़ी रहीं।
प्रधान डाकघर में कतार में खड़ी महिलाएं।
जानकारी नहीं रहने के कारण भीड़ लगी है
इस संबंध में डाक अधीक्षक दिनेश साह ने बताया कि जीविका दीदियों के लिए कोई अलग से व्यवस्था नहीं की गई है। ट्रांजेक्शन के लिए डिवाइस की सीमा होती है। प्रधान डाकघर में तीन डिवाइस लगे हैं, जिनसे प्रतिदिन कुल 60 ट्रांजेक्शन ही हो सकते हैं। एक डिवाइस से दो लाख रुपए तक के ट्रांजेक्शन की सीमा है। जिले में कुल 300 अलग-अलग डिवाइस काम कर रहे हैं। जीविका दीदियों को इसकी जानकारी न होने के कारण यहां भीड़ लगी हुई है।
शशि कला देवी और नीतू देवी ने बताया कि सुबह से ही कतार में हैं। उनके लिए कोई उचित व्यवस्था नहीं की गई है। काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत मिले दस हजार रुपए की पहली किस्त निकालने के लिए पहुंची हैं।
