Featuredदरभंगाप्रादेशिक

अच्छी पढ़ाई कराने के नाम पर शिक्षक ने छात्रा के साथ किया अश्लील हरकत, विरोध करने पर चाकू से रेत डाला गला।

दरभंगा: शनिवार को दरभंगा जिले के जाले थानाक्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है।

एक कोचिंग सेंटर चलाने वाले शिक्षक की इंटर की छात्रा के साथ हैवानियत ने गुरु की पवित्र गरिमा को कलंकित कर दिया है। शिक्षक के अश्लील हरकतों का विरोध करने पर शिक्षक ने छात्रा का गला रेत दिया। फिलहाल छात्रा का इलाज डीएमसीएच के इमरजेंसी विभाग में चल रहा है। पर उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

बताया जाता है कि जाले थाना क्षेत्र की रहने वाली एक इंटर की छात्रा ने शिक्षक के व्यवहार से तंग आकर दस दिनों से कोचिंग जाना छोड़ दिया था। पर शनिवार को कोचिंग टीचर जाले थाना क्षेत्र के मलिकपुर निवासी भीखन शर्मा का पुत्र किशन शर्मा छात्रा के घर आया और उसे अच्छी तरह से पढ़ाने का नाम बोलकर उसे कोचिंग बुलाकर ले गया।

बताया जाता है कि कोचिंग सेंटर में ही शिक्षक किशन शर्मा ने छात्रा के संग अश्लील हरकत करने की कोशिश की। परंतु छात्रा ने इसका विरोध किया। इसपर आक्रोशित होकर शिक्षक ने चाकू से छात्रा का गला रेत दिया और फरार हो गया।

संयोगवश उसी समय पहुंची उसकी दो सहेलियों ने उसे इस हाल में देखकर परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने आनन फानन में उसे डीएमसीएच के इमरजेंसी वार्ड में पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

परिजनों ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली है कि पुलिस भी घटनास्थल पर गयी थी। साथ आरोपी के घर भी गयी थी। पर आरोपी शिक्षक परिवार सहित घर छोड़कर फरार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *