Featured

विरोधी भ्रम फैलाते हैं​​​​​​​- स्वास्थ्य मंत्री:दरभंगा में मंगल पांडे बोले- वोट चोरी का आरोप लगाने वाले कभी साबित नहीं कर सकते।

दरभंगा में आने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच एनडीए ने मिथिलांचल में अपनी ताकत का प्रदर्शन किया है। शनिवार को दरभंगा के गौड़ा-बौराम विधानसभा क्षेत्र के कोठराम स्थित जीवछ मैदान में एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित हुई। इसमें में हजारों की भीड़ उमड़ी।

इस अवसर पर भाजपा, जदयू, लोजपा (रामविलास), हम और रालोसपा के नेताओं ने एक मंच पर आकर नीतीश-मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और विपक्ष पर तीखे हमले बोले।

मंगल पांडेय ने कहा है कि “हर घर तक एनडीए, हर परिवार तक एनडीए।”

स्वास्थ्य मंत्री सह जिला प्रभारी मंगल पांडेय ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार गौड़ा-बौराम समेत पूरे दरभंगा की जनता एनडीए को भारी बहुमत से जिताएगी।

उन्होंने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार ने हर घर तक विकास पहुंचाया है। अब हमें इस सरकार को और ताकत देनी है ताकि बिहार और आगे बढ़ सके।”

दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन करते हुए।

विरोधी भ्रम फैलाते हैं

पांडेय ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विरोधी भ्रम फैलाते हैं। “वोट चोरी का आरोप लगाने वाले इसे कभी साबित नहीं कर सकते। अब जनता केवल विकास पर वोट देगी।”

पांडेय ने बताया कि एनडीए सरकार ने रोजगार सृजन में रिकॉर्ड बनाया है। “30 लाख रोजगार का वादा था, लेकिन 50 लाख रोजगार दिया गया। अगले पांच सालों में एक करोड़ युवाओं को रोजगार मिलेगा।”

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वयं सहायता समूहों के जरिए 10 हजार रुपए दिए जा रहे हैं, जिसे भविष्य में 2 लाख रुपए तक बढ़ाया जाएगा।

फूल माला से स्वागत किया गया।

नगर विधायक सह भूमि सुधार मंत्री संजय सरावगी ने कहा कि बिहार में आधारभूत ढांचे और भूमि सुधार से जुड़े कई ठोस कदम उठाए गए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार भी गौड़ा-बौराम में एनडीए की जीत तय है।

केंद्र सरकार की योजनाओं का फायदा सीधा गांव-गांव तक पहुंचा

मधुबनी सांसद अशोक यादव ने गरीब कल्याण अन्न योजना और किसान योजनाओं को गिनाते हुए कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का फायदा सीधा गांव-गांव तक पहुंचा है।दरभंगा सांसद गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि मोदी-नीतीश की जोड़ी ने बिहार की तस्वीर बदल दी है।

“सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य में जो सुधार हुआ है, उसका फायदा गांव-गांव तक पहुंचा है।” उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि उनकी यात्राएं फ्लॉप हो रही हैं और “अब वे घुसपैठियों को शरण देने की बात कर रहे हैं, लेकिन मोदी के रहते यह संभव नहीं है।”

पाग-चादर और मोमेंटो देकर स्वागत किया

स्थानीय विधायक स्वर्णा सिंह ने मंच से सभी नेताओं का पाग-चादर और मोमेंटो देकर स्वागत किया। उन्होंने कहा-“हमारे यहां विकास की लहर दौड़ी है। चाहे सड़क हो, पुल-पुलिया हो या अन्य योजनाएं, जनता ने हमें काम करने का मौका दिया और हमने विश्वास जीता है। जो काम अधूरे हैं, वे भी 2025 में एनडीए सरकार बनने के बाद पूरे होंगे।”

सम्मेलन में महिलाओं की उपस्थिति खास रही। पारो देवी, रेखा देवी, शांति देवी और लच्छो देवी ने कहा कि इतनी भीड़ उन्होंने पहले कभी नहीं देखी थी। अनुमान लगाया गया कि सभा में 25 से 30 हजार से ज्यादा लोग जुटे थे। ग्रामीणों ने इसे परिसीमन के बाद क्षेत्र की सबसे बड़ी सभा बताया।पवन ठाकुर और भगवान झा ने कहा कि पंडाल से बाहर खड़े लोगों की संख्या अंदर बैठे लोगों से भी अधिक थी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री।

मंच पर भाजपा, जदयू, लोजपा (रामविलास), हम और रालोसपा के नेता एकजुट दिखे। भाजपा पूर्वी जिला उपाध्यक्ष श्रवण चौधरी, जदयू महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष ललिता झा, जिलाध्यक्ष विनय कुमार पासवान समेत कई नेता अपने समर्थकों के साथ पहुंचे। कार्यक्रम का संचालन भी विनय पासवान ने ही किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *