बिहार का मनोज दुबई से लापता, डेढ़ साल से नहीं हो पाया संपर्क।
2 साल पहले दुबई गया था: मनोज साह से पिता गणेश प्रसाद और मां सुशीला देवी का रो रोकर हाल खराब है. गणेश प्रसाद ने बताया कि उसका बेटा दुबई में नौकरी के लिए गया था, 2 साल हो गया, लेकिन अब तक कोई खोज खबर नहीं है.
पिता ऑटो चालक: गणेश प्रसाद जिले के मांझी नगर पंचायत के रहने वाले ऑटो चालक हैं. उन्होंने बताया कि माली टोला के रहने वाले फैयाज अहमद के पैरवी पर मनोज साह दो साल पहले दुई गया था. वहां के एक टाइगर नामक निर्माण कंपनी में काम की बात कही थी.
गांव के ही एजेंट ने भेजा था: पिता के अनुसार मनोज साह 7 अप्रैल 2023 को मुम्बई से शारजाह की फ़्लाइट से दुबई रवाना हुआ था. बेटे को दुबई भेजने के लिए साहूकार से 70 हजार रुपये कर्ज लेकर गांव के ही कथिर एजेंट फैयाज अहमद को दिया था.
डेढ़ साल से बेटे से कोई संपर्क नहीं: दुबई जाने के बाद 6 महीने तक बेटे से बातचीत हुई, उसके बाद संपर्क टूट गया. बीते डेढ़ साल से बेटे से कोई संपर्क नहीं है. पिता ने बताया कि इसको लेकर पहले थाना में आवेदन दिया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. इसके बाद डब्ल्यूसी के माध्यम से सांसद राजीव प्रताप रूडी से गुहार लगायी.
दुबई की टाइगर कंपनी
कंपनी ने क्या कहा?: पिता ने बताया कि दुबई की कंपनी की ओर से जानकारी मिली कि मेरा बेटा कंपनी छोड़कर फरार हो गया है, लेकिन परिवार के लोगों को शंका है कि कुछ गड़बड़ है.
“मेरी मांग है कि मेरे पुत्र को वापस लाया जाए. सरकार इसको लेकर पहल करे. परिवार में सभी परेशान है. काफी समय से बात नहीं हुई है.” -गणेश प्रसाद, पिता
एजेंट को 70 हजार दी थी मां: मनोज साह की मां सुशीला देवी रोते हुए कहती हैं कि उसने फैयाज अहमद को 70 रुपया दी थी ताकि उसके बेटे को दुबई में नौकरी लगा देगा. उसके जाने के बाद 6 महीने संपर्क रहा, इसके बाद टूट गया.
“मेरा बेटा वहां के काम से काफी खुश था. इस दौरान उसने 21 हजार रुपये भी घर पर भेजा था. अक्टूबर महीने में अचानक उसका मोबाइल बन्द हो गया और सम्पर्क टूट गया. एजेंट के माध्यम से बेटे से संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन कुछ पता नहीं चला.” -सुशीला देवी, मनोज की मां
क्या कहती है पुलिस?: इस मामले में थाना प्रभारी आशीष कुमार ने बताया कि उनके माता-पिता आवेदन लेकर आए थे. हम लोग इस विषय पर जांच की है. एंबेसी से भी बात करने की कोशिश की है. उनके माता-पिता सारण सांसद राजीव प्रताप रूडी से भी मिले थे और उनके माध्यम से एंबेसी से बात की गई.
“दुबई में स्थित टाइगर कंपनी में काम कर रहा था. उस कंपनी के प्रबंधक ने भी कहा है कि यह लड़का तो हमारे यहां से खुद गायब है. हम इसके खिलाफ खुद यहां पर एफआईआर दर्ज कराए हैं. वहां से रिपोर्ट मिलने पर आगे की कार्रवाई होगी.” -आशीष कुमार, थाना प्रभारी
