Featured

मंत्री महेश्वर हजारी से अमीर हैं उनकी पत्नी संध्या:समस्तीपुर, पटना, दिल्ली में करोड़ों की जमीन; मंत्री के पास 85 हजार 600 रुपए कैश।

बिहार सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री महेश्वर हजारी की पत्नी संध्या हजारी उनसे अमीर हैं। संध्या हजारी रिटायर्ड टीचर हैं। मंत्री की इनकम का सोर्स पेट्रोल पंप के अलावा खेती और किराया है। गुरुवार को कल्याणपुर विधानसभा सीट से महेश्वर हजारी ने अपना नामांकन दाखिल किया है। नामांकन दाखिल करने के बाद उन्होंने दाखिल किए गए एफिडेविट में इसकी जानकारी दी है।

63 साल के महेश्वर हजारी पिछली तीन बार से कल्याणपुर के विधायक हैं। उन्होंने शपथ पत्र में खुद को ग्रेजुएट बताया है। मंत्री ने बताया है कि उनके पास कैश अमाउंट के रूप में 85 हजार 600 रुपए, जबकि पत्नी संध्या के पास 71 हजार 800 रुपए कैश है।

महेश्वर हजारी के शपथ पत्र के मुताबिक, उनके बैंक अकाउंट्स में 25 लाख से ज्यादा, जबकि पत्नी के अकाउंट्स में करीब 25 लाख रुपए हैं। मंत्री के पास 50 लाख की एलआईसी पॉलिसी भी है।

मंत्री महेश्वर हजारी के नाम पर 11 लाख का होम लोन

महेश्वर हजारी ने अपने एफिडेविट में बताया कि है कि उनके पास समस्तीपुर में 8976 वर्गफीट, पटना में 5444 वर्गफीट जमीन है। समस्तीपुर की जमीन साल 2007 में जबकि पटना की जमीन 2017 में खरीदी गई थी, जिसकी वर्तमान में अनुमानित बाजार मूल्य 47 लाख 52 हजार 449 रुपए है।

पत्नी संध्या के पास समस्तीपुर में 7348 वर्गफुट और पटना में 3062 वर्ग फुट जमीन है, जिसका अनुमानित मूल्य 34 लाख 93 हजार 845 रुपए है। महेश्वर हजारी के नाम से दिल्ली के इंद्रपुरी में भी 3572 वर्ग फुट जमीन है, जिसकी कीमत 2करोड़ 42 लाख 42 हजार 409 है, जबकि दिल्ली में ही पत्नी संध्या के पास 11222 वर्ग फुट जमीन है, जिसका बाजार मूल्य 6 करोड़ 10 लाख 45 हजार 253 रुपए है। मंत्री ने 11 लाख का होमलोन भी ले रखा है।

2015 मॉडल की फॉरच्यूनर कार के भी हैं मालिक

मंत्री महेश्वर हजारी के पास 2015 मॉडल की एक फॉरच्यूनर कार भी है, जिसकी कीमत 15 लाख रुपए है।

समस्तीपुर से निर्दलीय चुनाव लड़ने वाली चेतना झांब के पास बीएमडब्ल्यू कार

समस्तीपुर की निर्दलीय प्रत्याशी चेतना झांब एक करोड़ की बीएमडब्लू से चलती हैं। दरअसल, हाल ही में चेतना झांब जन सुराज में शामिल हुई थीं। वे समस्तीपुर विधानसभा सीट से टिकट की प्रबल दावेदार थीं, लेकिन जब उन्हें टिकट नहीं मिला तो उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में गुरुवार को नामांकन किया।

चेतना झांब ने निर्दलीय नॉमिनेशन किया है।
37 साल की चेतना अभी अविवाहित हैं। चेतना ने अपने शपथपत्र में बताया है कि उनके पास कैश एक लाख रुपए है, जबकि उनके एचडीएफसी बैंक अकाउंट में 5 लाख रुपए जमा है। उनके पास एक करोड़ की बीएमडब्ल्यू कार है, जबकि 3 करोड़, 6 लाख रुपए की ज्वेलरी भी है। उन्होंने बताया है कि विरासत में उन्हें कोई संपत्ति नहीं मिली है। शंभूपट्‌टी में चार लाख की जमीन खरीदी है। चेतना ने खुद को बीए पास बताया है। जानकारी दी है कि उनके पास कुल चल संपत्ति 3 करोड़ 6 लाख रुपए है। पेशे से उन्होंने खुद को फिल्म प्रोड्यूसर बताया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *