Featured

दरभंगा में चौकीदार के रुपए लेने का वीडियो वायरल:हाथ जोड़ते हुए नजर आ रहा आरोपी; SSP ने SDPO को दिए जांच के आदेश।

दरभंगा के केवटी थाना परिसर का एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में थाने का एक चौकीदार राहुल खुलेआम एक शिक्षक से नोटों की गड्डी लेते हुए दिखाई दे रहा है। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है ।

चौकीदार राहुल ने शिक्षक से 15 हजार रुपए की मांग की थी। लेकिन शिक्षक ने आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए केवल 10 हजार रुपए ही देने की कोशिश की।

वीडियो में साफ-साफ देखा जा सकता है कि शिक्षक बार-बार चौकीदार से माफी मांगते हुए कह रहा है कि “आपके पैर पकड़ रहा हूं, इससे ज्यादा नहीं हो पाया।” इसके बावजूद चौकीदार राहुल शिक्षक पर दबाव डालते हुए कहता है कि “पांच हजार और देना ही होगा।” आखिरकार शिक्षक 10 हजार रुपए चौकीदार को थमा देता है, जिसे वीडियो में साफ देखा जा सकता है।

SSP ने SDPO को दिए जांच के आदेश

यह पहला मौका नहीं है जब थानों में खुलेआम पैसे लेने-देने की बात सामने आई हो। स्थानीय लोगों का कहना है कि अधिकांश मामलों में थानाध्यक्ष, चौकीदार और दलाल के माध्यम से ही रुपयों की लेन देन करवाते हैं और मामले की पैरवी के नाम पर मोटी रकम वसूली जाती है। लेकिन कार्रवाई छोटे स्तर के कर्मी पर होती है ।

लोगों की मांग है कि इस घटना की जांच वरीय अधिकारी स्वयं करें और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो, ताकि आगे कोई भी थाना परिसर को “रिश्वतखोरी का अड्डा” न बना सके।

SSP जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए SDPO सदर 2 शुभेन्द्र कुमार सुमन को जांच का जिम्मा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *