Featured

बिहार में मुर्गा चोरी करने पर युवक की हत्या!, रिश्तेदार ने घटना को दिया अंजाम।

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक युवक की पीट-पीटकर हत्याकर दी गई है. बताया जा रहा है कि मुर्गा चोरी के आरोप में युवक को मौत के घाट उतारा गया है. मृतक युवक की पहचान संजय सहनी उम्र 40 साल के रूप में हुई है. ये घटना आज रामपुर हरि थाना क्षेत्र के कोइली गांव में घटी है.

अहले सुबह शौच करने गए थे संजय:मृतक की पत्नी पार्वती देवी ने बताया कि मेरे पति रोज की तरह सुबह करीब पांच बजे शौच के लिए घर से निकले थे. थोड़ी देर बाद ग्रामीणों से सूचना मिली कि उनकी लाश गांव के ही एक बगीचे में मिली है.

क्या कहते हैं परिजन?:मृतक की पत्नी पार्वती देवी ने आगे बताया कि मुर्गा फॉर्म संचालक हमारे पट्टीदार हैं. उन्होंने ही साजिश रचकर मेरे पति को मारा है. मेरे पति के हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और उन्हें कड़ी सजा दी जाए. वहीं, घटना के बाद रामपुर हरि थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.

”मेरे पति संजय को मुर्गा फॉर्म के संचालक और उनके स्टाफ ने चोरी के शक में पकड़कर बुरी तरह पीटा और फिर रस्सी से पेड़ पर बांधकर उनकी हत्या कर दी”.– पार्वती देवी, संजय सहनी की पत्नी

आरोपी मौके से हुए फरार:रामपुर हरि थाना के प्रभारी शिवेंद्र नारायण सिंह ने बताया कि सभी आरोपी घटना के बाद से फरार हैं. जिससे उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हत्या का स्पष्ट कारण पता चलेगा.

”एक शख्स की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है. प्रथम दृष्टया मुर्गा चोरी के आरोप में पिटाई से मौत की बात सामने आ रही है. मृतक और आरोपी आपस में रिश्तेदार बताए जाते हैं”.– शिवेंद्र नारायण सिंह, रामपुर हरि थाना प्रभारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *