Featured

सहरसा में सब्जियों के दाम बढ़े:20 रुपए किलो वाली सब्जियां अब 100 रुपए तक, बारिश से फसल बर्बाद।

सहरसा में सब्जियों की कीमतों में भारी वृद्धि से आम लोग परेशान व हलकान है। 10-20 रुपए प्रति किलो मिलने वाली सब्जियां अब 50-100 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गई हैं। वही बढ़ती कीमतों से आम लोगों के घर का बजट भी बिगड़ गया है।

वर्तमान में गाजर 80-100 रुपए, मूली 50-60 रुपए, बैगन 50-60 रुपए और फूल गोभी 100-120 रुपए किलो बिक रही है। परवल, बोरा, भिंडी और देसी खीरा 50-60 रुपए किलो की दर से बिक रहे हैं। झींगा 40-50 रुपए किलो में मिल रहा है।

लगातार बारिश और जलजमाव से सब्जियां बर्बाद

सब्जी मंडी के व्यापारी राजू के अनुसार, लगातार बारिश और जलजमाव से खेतों में लगी सब्जियां बर्बाद हो गई हैं। मांग के अनुरूप आपूर्ति नहीं हो पा रही है। किसान भी इस स्थिति से चिंतित हैं।

वार्ड नंबर 13 के निवासी दीपक कुमार सुमित ने बताया कि अब लोगों को सोचकर सब्जियां खरीदनी पड़ रही हैं। पहले जहां रोज अलग-अलग सब्जियां बनती थीं, वहीं अब थाली से हरी सब्जियां गायब होती जा रही हैं।

सब्जियों के दाम कम होने का इंतजार कर रहे लोग

किसानों का कहना है कि मौसम सामान्य होने और दोबारा बुवाई होने पर स्थिति में सुधार हो सकता है। फिलहाल लोग सब्जियों के दाम कम होने का इंतजार कर रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि अगर यही स्थिति रही तो जल्द ही उन्हें दाल-चावल पर ही निर्भर रहना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *