बिहार में घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट बिजली मुफ्त:सीएम नीतीश ने की घोषणा, राज्यभर में लाइव संवाद कार्यक्रम आयोजित।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के घरेलू बिजली उपभोक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण घोषणा की है। उन्होंने प्रतिमाह 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने का ऐलान किया। इस संबंध में 12 अगस्त को मुख्यमंत्री ने राज्यभर के उपभोक्ताओं से सीधा संवाद किया।
दिघलबैंक बिजली विभाग ने प्रखंड क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए। विद्युत कनिय अभियंता प्रमित रंजन के नेतृत्व में सभी चिन्हित स्थलों पर एलईडी स्क्रीन, प्रोजेक्टर और टीवी की व्यवस्था की गई। इससे उपभोक्ता सीधे लाइव कार्यक्रम से जुड़ सके।
कार्यक्रम का आयोजन संजय गांधी मैदान हरुवाडांगा, पंचायत भवन मंगुरा, धनतोला समेत कई स्थानों पर किया गया। सभी केंद्रों पर सहायक अभियंता और विद्युत कर्मियों की तैनाती की गई। विद्युत कनीय अभियंता प्रमित रंजन ने बताया कि इस निर्णय से गरीब जनता को बिजली बिल में राहत मिलेगी।
स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि गणेश सिंह ने कहा कि यह एक लाभप्रद कदम है। पहले कई लोग बिल भुगतान की चिंता से बिजली कनेक्शन लेने में हिचकते थे। अब 125 यूनिट मुफ्त मिलने से लोग इस योजना का लाभ उठा सकेंगे।
कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था के लिए जिला प्रशासन ने दंडाधिकारी और पुलिस कर्मियों की नियुक्ति की। कार्यक्रम में सैकड़ों महिला-पुरुषों के साथ कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। समूचा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
