बिहार के नालंदा में मिड-डे मील का घोटाला:प्राथमिक विद्यालय मासिया विगहा में बच्चों को नहीं मिल रहा भोजन, शिक्षक गायब ।
नालंदा जिले के बिंद प्रखंड में स्थित उतरथू पंचायत के प्राथमिक विद्यालय मासिया विगहा में बच्चों को मध्याह्न भोजन नहीं मिल रहा है। विद्यालय में 51 बच्चे नामांकित हैं, जिन्हें पढ़ाने के लिए चार शिक्षक नियुक्त हैं।
विद्यालय में उपस्थित एकमात्र शिक्षिका दयमंती कुमारी ने बताया कि विद्यालय प्रभारी और अन्य दो शिक्षक विद्यालय नहीं आए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि विद्यालय में मध्याह्न भोजन बनाने की सामग्री भी उपलब्ध नहीं है। सामग्री की अनुपलब्धता के कारण मध्याह्न भोजन बंद कर दिया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस विद्यालय में बच्चों को मध्याह्न भोजन कभी-कभार ही मिलता है। विद्यालय प्रभारी के मनमानी पूर्ण रवैये से अभिभावकों में नाराजगी है। जांच के दौरान प्रभारी विभिन्न बीमारियों का हवाला देकर अनुपस्थिति का बहाना बनाते हैं।
छात्रों ने बताया कि मध्याह्न भोजन नहीं मिलने के कारण उन्हें खाना खाने के लिए घर जाना पड़ता है। विद्यालय प्रभारी और अन्य शिक्षक उपस्थिति दर्ज करके विद्यालय से अनुपस्थित रहते हैं और शाम 4 बजे दोबारा उपस्थिति दर्ज करने आते हैं।
इस मामले पर प्रखंड सहायक लेखपाल प्रवीण आनंद ने कहा कि बच्चों का निवाला गटकना अपराध की श्रेणी में आता है। उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी मिली है और विद्यालय प्रभारी से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
