Featured

मधुबनी में सांप के काटने से दो बहनों की मौत:मां के साथ सो रही थी दोनों, इलाज के दौरान तोड़ा दम।

मधुबनी में सोमवार देर रात सांप के काटने से एक ही परिवार की दो मासूम बच्चियों की मौत हो गई। घटना साहरघाट थाना क्षेत्र के पिहवाड़ा लक्ष्मी टोल गांव की है। मृतक बच्चियों की पहचान देवेंद्र साह की 12 वर्षीय बेटी रौशनी कुमारी और 10 वर्षीय नेहा कुमारी के रूप में हुई है।

दोनों बच्चियां अपनी मां के साथ एक ही बिस्तर पर सो रही थीं। रात के समय अचानक सांप उनके बिस्तर में घुस आया और दोनों बच्चियों को डस लिया।

पीड़ित के घर पहुंची पुलिस।

इलाज के दौरान बच्ची ने तोड़ा दम

बच्चियों की मां ने खून बहता देखा और तुरंत शोर मचाया। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों बच्चियों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने नेहा को मृत घोषित कर दिया। बड़ी बहन रौशनी की हालत गंभीर बनी रही और कुछ देर इलाज चलने के बाद रात करीब डेढ़ बजे उसकी भी मौत हो गई।

मृतक परिवार में तीन बहन और एक भाई हैं। घटना के समय बड़ी बहन और भाई घर के दूसरे कमरे में सो रहे थे, जिससे वे सुरक्षित रहे। सूचना मिलते ही साहरघाट थानाध्यक्ष अरविंद कुमार, एसआई अमोद कुमार सिंह समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा।

सांत्वना देने पहुंच रहे लोग

पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मधुबनी सदर अस्पताल भेज दिया। इस दुखद घटना के बाद पूरे गांव में शोक छा गया है। परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है। गांव के लोग बच्चियों की मौत से आहत हैं और मृतक परिवार के घर सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।

प्रशासन ने परिवार को उचित सहायता का भरोसा दिलाया है। मानसून के इस मौसम में सांप के निकलने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को इस दिशा में जागरूकता और सतर्कता बढ़ाने की आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *