Featuredदरभंगाप्रादेशिक

पनसिहा गांव में दुकानदार से मारपीट एवं लूटपाट।

दरभंगा: मंगलवार की शाम एक मोबाइल दुकान में बदमाशों ने जमकर तोड़फोड़ एवं लूटपाट की घटना को अंजाम दिया है। जिले के पतोर ओपी क्षेत्र के पनसिहा चौक के निकट अवस्थित इस दुकान में मोबाइल के साथ साथ वीडियोग्राफी का कार्य भी होता है। बताया जाता कि करीब आधा दर्जन बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया है। घटना के बाद लोगों की भीड़ जुट गयी। सूचना मिलने पर पतोर ओपी की पुलिस ने भी पहुंचकर घटना की जानकारी ली और छानबीन शुरू कर दी।

दुकानदार गोपाल राय ने बताया कि इस घटना के दो दिन पूर्व बदमाशों ने शादी समारोह से वीडियोग्राफी कर लौट रहे उनके भांजे विशाल राय एवं उनके दो सहयोगियों को मारपीट उनसे तीन कैमरा छीन लिया था। इस दौरान बदमाशों ने उनके भांजे को कई जगह डायगर मारकर भी घायल कर दिया था। घटना गोपीपट्टी के चुगला मोड़ के निकट हुई थी।

गोपाल राय ने बताया कि उनके भांजे ने बदमाशों को पहचान लिया था और उनके घर पर जाकर उनकी शिकायत की थी। इसी से आक्रोशित होकर बदमाशों ने मंगलवार की शाम उनके दुकान में घुसकर कंप्यूटर, इलेक्ट्रिक उपकरण एवं अन्य सामानों को लोहे के रॉड से मारकर तोड़ दिया एवं लूटपाट किया।

घटना के बाद मौके पर पहुंचे पतोर ओपी के एएसआई वीरेंद्र सिंह ने मामले की छानबीन शुरू कर दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *