Featured

बाबा हरिगिरिधाम गढ़पुरा में 1 KM तक लंबी लाइन:बेगूसराय में 50 हजार भक्तों ने किया जलाभिषेक; कंट्रोल रूम से मॉनिटरिंग।

बेगूसराय के बाबा हरिगिरिधाम गढ़पुरा में सावन की दूसरी सोमवारी पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी है। अभी तक 50 हजार से ज्यादा भक्तों ने जलाभिषेक किया है। रात 12 बजे से ही मंदिर परिसर में कांवरियों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। गढ़पुरा अस्पताल तक करीब 1 किलोमीटर तक लंबी लाइन लगी हुई है।

सरकारी पूजा के बाद सुबह चार बजे मंदिर का पट खोल दिया गया। जिसके बाद प्रशासन और कार्यकर्ताओं के सहयोग से जलाभिषेक हुआ। सोमवारी को लेकर हरिगिरी धाम आने वाले तमाम रास्ते गेरुआ मय हो गए। मंदिर में सुबह से ही बम-बम भोले के जयकारे गूंज रहे हैं।

सिमरिया और झमटिया गंगा घाट से डाक बम, साधारण बम और रथ यात्रा के साथ कांवरिया मंदिर परिसर पहुंचे। बाबा भोले का जलाभिषेक कर परिवार, समाज और विश्व कल्याण की कामना के साथ पूजा-अर्चना किया। कंट्रोल रूम से हर गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

मुख्य सड़क से मंदिर तक घुमावदार बैरिकेडिंग के कारण शिव भक्तों को अधिक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ा। शिव भक्तों की सुविधा के लिए विभिन्न संगठनों द्वारा विशेष सेवा सुविधा उपलब्ध कराई गई है। सरकारी कैंप में भी इलाज की सुविधा है।

महिला श्रद्धालु की मदद करते कार्यकर्ता
अलर्ट मोड में प्रशासनिक टीम

समिति के अध्यक्ष सह बखरी एसडीओ सन्नी कुमार सौरभ के नेतृत्व में प्रशासन की टीम एक्टिव है। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूरी व्यवस्था की गई है। बखरी और मंझौल अनुमंडल के सभी प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी और समिति के कार्यकर्ता व्यवस्थित तरीके से श्रद्धालुओं को जलाभिषेक करवा रहे हैं।

हरिगिरी धाम के अलावा जिला मुख्यालय के कर्पूरी स्थान, काली स्थान, बसहा स्थान, बनखंडी स्थान, बीरो धाम समेत तमाम शिवालयों में भी सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी है। रात में विभिन्न जगहों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सोमवारी को लेकर अहले सुबह से ही सिमरिया से लेकर साहेबपुर कमाल तक के तमाम गंगा घाटों पर लोगों की भीड़ जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *