अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, सामान समेट कर भागे दुकानदार।
दरभंगा केदोनार रेलवे गुमटी पर आरओबी बन रहा है। इस काम में बाधा बन रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई की है। चार बुलडोजर के साथ भारी पुलिस बल और अधिकारी मौके पर पहुंचे। कार्रवाई शुरू होते ही लोग खुद से दुकान और सामान समेटकर भागते नजर आए।
रेलवे गुमटी पर आरओबी का निर्माण काम चल रहा है। अतिक्रमण के कारण सड़क की चौड़ाई कम हो गई थी। इससे निर्माण काम में दिक्कत आ रही है। ट्रैफिक ज्यादा होने से कंपनी ने काम बंद कर दिया था। प्रशासन ने कार्रवाई का फैसला लिया।
प्रशासन ने पक्के और कच्चे मकानों को तोड़कर सड़क को अतिक्रमण मुक्त किया। इस दौरान कई दुकानदारों और अतिक्रमणकारियों ने विरोध किया। पुलिस को विरोध झेलना पड़ा। वहीं, स्थानीय लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत किया। लोगों ने कहा कि अब जाम से राहत मिलेगी।
बिना सूचना के जेसीबी लेकर अधिकारी पहुंचे
दुकानदार राजू राज ने कहा कि वे सालों से फुटपाथ पर दुकान लगाकर जीवन यापन कर रहे थे। पहले भी अतिक्रमण हटाया गया था, तब उन्हें नाले के पार भेजा गया। फिर से दुकान लगाई। इस बार बिना सूचना के जेसीबी लेकर अधिकारी पहुंच गए। उन्होंने कहा कि सरकार एक तरफ छोटे दुकानदारों को लोन देती है, दूसरी तरफ दुकानें तोड़ रही है। वे दिव्यांग हैं, यहीं के रहने वाले हैं। यहीं रहकर व्यापार करेंगे नहीं तो कहां जाएंगे।
स्थानीय मोहम्मद अली हुसैन ने कहा कि सीओ साहब की ओर से की गई यह कार्रवाई सही है। दोनार में अक्सर जाम लगता था। लोग सड़क किनारे बसें खड़ी कर देते थे। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड को भी हटाया जाए। सीओ साहब को धन्यवाद दिया और कहा कि अब रास्ता साफ हो रहा है। आम जनता के लिए यह भलाई का काम है। उन्होंने बताया कि जो पक्का मकान नापी में आया है, वह भी तोड़ा जाएगा।
