समस्तीपुर में रोड पर 2 फीट तक पानी:रुक-रुककर हो रही बारिश ने बढ़ाई परेशानी; विवेक-विहार, आदर्शनगर समेत कई मोहल्ले प्रभावित।
समस्तीपुर में दो दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश ने नगर निगम की पोल खोलकर रख दी है। शहर के कई मोहल्लों में जल जमाव हो गया है। विवेक-विहार, आदर्शनगर, आजादनगर, काशीपुर, बारह पत्थर, सरोजिनी गली, मुसापुर, शिवपुरी समेत कई मोहल्लों में रोड पर 1 से 2 फीट तक पानी भरा हुआ है।
मुसरीघरारी-समस्तीपुर मुख्य सड़क पर घुटनों तक भर गया है। जिससे राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नाले में गिरकर कई लोग जख्मी भी हो गए हैं। जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश हैं।
नाला उड़ाही के नाम पर खानापूर्ति
भाकपा माले के नेता सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि बारिश से पहले नाला उड़ाही के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की गई। जेसीबी वाला हो या कुदाल टीम। एक-दो स्लैब हटाया, फोटो, वीडियो वरीय अधिकारियों के पास भेजने के बाद मौके से चले गए। ड्रेनेज का भी निर्माण पूर्ण नहीं हो पाया है। कहीं नाला अधूरा है तो कहीं लेवल ठीक नहीं है। जिसके चलते जल निकासी नहीं हो रहा है।
ड्रेनेज का निर्माण अभी पूरा नहीं
बता दें, करीब 43 करोड़ रुपए की लागत से समस्तीपुर से धुरलख की ओर और भोला टॉकीज चौक से दादपुर, एलआईसी कार्यालय से कर्पूरीग्राम, सोनबरसा चौक से जमुवारी ड्रेनेज का निर्माण चल रहा है। करोड़ों खर्च होने के बाद भी अब तक काम पूरा नहीं हो सका है। मुख्यालय से मोहनपुर, जमुवारी तक करोड़ों खर्च करके नाले का निर्माण कराया गया था, लेकिन सही तरीक से पानी की निकासी नहीं हो रही है।
टीम मुस्तैदी से काम कर रही है
नगर निगम की मेयर अनीता राम ने कहा कि टीम पूरी मुस्तैदी से काम कर रही है। तीन ड्रेनेज का निर्माण बुडको की ओर से चल रहा है। अगले साल तक पूरा हो जाएगा। जहां-जहां पर नाला जाम की समस्या है, उसे तुरंत ठीक कराया जाएगा।
