समस्तीपुर में सर्जिकल ब्लेड से गर्दन पर हमला:जख्मी बोला- मारपीट के केस में समझौता के लिए दबाव, मना करने पर हुआ अटैक।
समस्तीपुर के वारिसनगर थाना क्षेत्र के बरियारपुर गांव में पिछले महीने मारपीट व अगलगी की घटना हुई थी। आरोप है कि समझौता करने से इनकार किया तो आरोपितों ने एक अधेड़ का सर्जिकल ब्लेड से गर्दन काट दिया है और हत्या का प्रयास किया।
जख्मी गांव के स्वर्गीय फुल प्रताप सिंह के बेटे पंकज सिंह हैं। जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल और फिर पटना रेफर कर दिया गया। पीड़ित के भाई मनोज सिंह ने बताया कि उनके पाटीदार महेश सिंह से पुराना विवाद चल रहा है ।
महेश सिंह और उनके परिवार के लोगों ने करीब एक महीना पहले उनके साथ मारपीट की थी। घर में आग लगा दी थी। जिसको लेकर प्राथमिकी दर्ज है और मामला कोर्ट में चल रहा है। इस केस में समझौता के लिए लगातार दबाव दिया जा रहा था।
महेश सिंह के बेटे पर हमला करने का आरोप
साजिश के तहत उनके भाई को महेश सिंह और उनके बेटा ने आम तोड़ने के बहाने स्कूल की ओर ले गए। स्कूल के पीछे ले जाकर उन्हें शराब पिलाया और फिर केस उठा लेने के लिए दबाव देने लगे। उन्होंने केस उठाने से साफ इनकार कर दिया, तो सर्जिकल ब्लेड से महेश सिंह के बेटे बजरंगी सिंह ने उनके गर्दन पर वार किया । वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए ।
वह लहू लुहान हो गए तो उन्हें मरा हुआ समझकर वह मौके से फरार हो गया। बाद में वह उठकर किसी तरह भागते हुए थाना पहुंचे। जहां पुलिस ने उन्हें पीएससी में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद सीएससी से उन्हें सदर अस्पताल भेजा, सदर अस्पताल में उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। उन्हें पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है।
वारिसनगर थाना अध्यक्ष निरंजन कुमार ने बताया कि पुराने विवाद को लेकर पंकज सिंह पर ब्लेड से हमला किया गया है। आरोपी बजरंगी कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे जेल भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि पंकज सिंह और बजरंगी के बीच पिछले महीने मारपीट और आग लगाने की घटना हुई थी । जिसको लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
