Featured

कोचिंग से लौट रहे नाबालिग की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत:विरोध में गांव के लोगों ने 2 घंटे तक सड़क जाम रखा, मृतक 10वीं का स्टूडेंट था।

समस्तीपुर के रोसड़ा में कोचिंग से लौट रहे नाबालिग की बुधवार को ट्रैक्टर से कुचलकर मौत हो गई। घटना दुर्गा स्थान चौक के पास की है। नाबालिग की पहचान रोसड़ा थाने के महादेव मठ वार्ड-12 के रहने वाले संतोष कुमार पूर्वे के बेटे 16 साल के साहिल कुमार के रूप में हुई है। हादसे के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया और नाबालिग के परिजन को जानकारी दी। मृत नाबालिग 10वीं का छात्र था।

उधर, हादसे की सूचना के बाद परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। करीब दो घंटे तक शव को सड़क पर रखकर जाम लिया गया. जाम और हादसे की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशितों और पीड़ित परिवार को समझाया, जिसके बाद जाम हटाया गया। इसके बाद पुलिस ने शव को जब्त कर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा है।

सड़क जाम के दौरान रोते बिलखते परिजन।

कोचिंग से पढ़ाई कर घर लौट रहा था साहिल

परिवार के लोगों ने बताया कि साहिल रोजाना की तरह कोचिंग की पढाई कर वापस घर महादेवमठ लौट रहा था। इसी दौरान मुख्य सड़क पर आने के दौरान मिट्‌टी अनलोड कर लौट रहे ट्रैक्टर ने उसे कुचल दिया। इस घटना के बाद ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर से कूद कर फरार हो गया।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने कहा कि रोसड़ा शहर में रोज सैकड़ों मिट्‌टी लोड ट्रैक्टर चलता है। आए दिन सड़क हादसा हो रहा है, बावजूद प्रशासन के लोग मौन बने बैठे हुए हैं। लोगों ने अवैध रूप से चल रहे ट्रैक्टर पर रोक लगाने की मांग की। लोगों को जगह-जगह ब्रेकर लगाने और दिन के समय में भारी वाहन के शहर में प्रवेश पर रोक की मांग की।

पुलिस पदाधिकारी ने क्या कहा?

रोसड़ा की डीएसपी सोनल कुमारी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया गया है। शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना को लेकर ट्रैक्टर चालक पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *