Featured

सहरसा में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, महिला गंभीर रूप से जख्मी।

हमलावरों ने घर में घुसकर की लाठी-डंडों से पिटाई, सदर अस्पताल में भर्ती

सहरसा। कनरिया थाना क्षेत्र के घोघसम गांव वार्ड संख्या 3 में सोमवार को जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला की पहचान अशोक पंडित की पत्नी हीरा देवी के रूप में की गई है। उन्हें इलाज के लिए स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल सहरसा में भर्ती कराया गया है।

घटना के संबंध में पीड़ित महिला के पति अशोक पंडित ने आरोप लगाया कि रोहित पंडित, सुधीन पंडित और राम पुकार पंडित जबरन उनकी जमीन पर कब्जा कर बांस के तात से घेराव कर रहे थे। जब उनकी पत्नी हीरा देवी ने इसका विरोध किया तो तीनों आरोपी लाठी, डंडे और धारदार हथियार लेकर घर में घुस आए और महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की।

घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है। पीड़ित परिवार ने कनरिया थाना में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराने की बात कही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

गंभीर रूप से घायल हीरा देवी का इलाज फिलहाल सदर अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक महिला को सिर और शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं, जिनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *