मधुबनी में विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान:25 जून से 30 सितंबर तक चलेगा कार्यक्रम, BLO करेंगे घर-घर सत्यापन।
बैठक में मौजूद DM सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी आनंद शर्मा।
आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मधुबनी में 1 जुलाई 2025 की अर्हता तिथि के आधार पर विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। इस कार्यक्रम को लेकर DM सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी आनंद शर्मा की अध्यक्षता में बुधवार देर शाम DRDA सभागार में सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
DM ने बताया कि यह पुनरीक्षण 25 जून से 30 सितंबर 2025 तक चरणबद्ध तरीके से चलेगा। इस दौरान BLO घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़े जाएंगे, वहीं मृतक या अपात्र व्यक्तियों के नाम हटाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया में राजनीतिक दलों की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। सभी मतदान केंद्रों का युक्तिकरण, पुनर्गठन तथा मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन 1 अगस्त को किया जाएगा। दावा-आपत्ति की अंतिम तिथि 1 सितंबर रखी गई है, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 30 सितंबर को है।
DRDA सभागार में उपस्थित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी।
ECINET पोर्टल पर अपलोड होंगे प्राप्त प्रपत्र
निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के तहत BLO न केवल गणना प्रपत्र वितरित करेंगे, बल्कि नागरिकों को उसे भरने व आवश्यक दस्तावेज देने में मार्गदर्शन भी देंगे। प्राप्त प्रपत्रों को प्रतिदिन ECINET पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। यदि किसी नागरिक अथवा दल द्वारा आपत्ति या दावा दर्ज किया जाता है, तो उसकी जांच सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा की जाएगी, और अंतिम निर्णय ERO द्वारा लिया जाएगा।
स्वयंसेवकों की होगी तैनाती
DM ने स्पष्ट किया कि विशेष ध्यान वृद्ध, दिव्यांग, बीमार व वंचित वर्गों पर रहेगा, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए आवश्यकता अनुसार स्वयंसेवकों की तैनाती की जाएगी। बैठक में उप विकास आयुक्त सुमन कुमार शाह, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रशांत शेखर सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
22 साल बाद हो रहा पुनरीक्षण
यह पुनरीक्षण साल 2003 के बाद पहली बार हो रहा है, जो तेजी से हो रहे शहरीकरण, प्रवासन एवं मतदाता सूची की विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आवश्यक है।
