समस्तीपुर में घर से बुला कर मारी गोली:कंधे के पास इंटर के छात्र को लगी बुलेट, कहासुनी के बाद बदमाशों ने की फायरिंग।
समस्तीपुर के धर्मपुर मोहल्ला में बदमाशों ने बुधवार को एक युवक को बुलाकर गोली मार दी। जख्मी युवक शहर के बीएड कॉलेज मोहल्ला के राकेश सिंह का बेटा वरुण सिंह (19) है। ये इंटर का छात्र है।
घटना की सूचना पर जुटे परिवार के लोगों ने युवक को तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद युवक को बेहतर उपचार के लिए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया है।
हालांकि, परिवार के लोगों ने उसे शहर के एक निजी अस्पताल में एडमिट करवाया है। युवक को पीछे से दाहिने कंधे के पास गोली लगी है।
घटना के संबंध में युवक के भाई हरेराम सिंह ने बताया कि धर्मपुर मोहल्ला के मोहम्मद सद्दाम और तीन चार युवकों ने उनके भाई को धर्मपुर आर एन के पास बुलाया था। जहां दोनों में पहले कहा सुनी हुई, फिर सद्दाम और उसके साथी ने उसे पर गोली चला दी। दोनों के बीच कोई विवाद नहीं था। पता नहीं क्यों गोली मारी है।
सभी युवक मौके से फरार
गोली की आवाज पर जब आसपास के लोग जुटने लगे, तो सभी युवक मौके से फरार हो गए। गोलीबारी की सूचना जब परिवार के लोगों को मिली तो परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और जख्मी वरुण को तत्काल सदर अस्पताल लाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसे रेफर कर दिया।
अस्पताल में लोगों की भीड़ जुटी है।
एएसपी संजय पांडे ने बताया कि घटना की सूचना पर नगर थाना अध्यक्ष को मौके पर भेजा गया है । युवकों के बीच आपसी विवाद को लेकर गोलीबारी की बात सामने आ रही है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।
