मधुबनी फोर लेन पर भीषण सड़क हादसा, परिवार के सात लोग घायल, एक की हालत गंभीर।
हादसे में एक की हालत गंभीर है। सभी घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है।
मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र स्थित मधुबनी फोर लेन न्यू बायपास पर सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के सात लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रौटानिया से कुढ़नी के रामपुर केशोपुर जा रही एक ऑटो को पटना की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए। ऑटो में सवार सभी लोग एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं, जिनमें दो महिलाएं, दो लड़कियां, दो बच्चे और एक पुरुष शामिल हैं।
घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजवाया। वहीं, क्षतिग्रस्त ऑटो को सड़क से हटाकर यातायात बहाल किया गया।
