Featured

सहरसा में स्वाधीनता पार्टी की रैली, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमर शंकर प्रभात ने की चुनावी घोषणा।

सहरसा। स्वाधीनता पार्टी ने अपने द्वितीय स्थापना दिवस के अवसर पर सहरसा में एक बड़ी रैली का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमर शंकर प्रभात मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

रैली को संबोधित करते हुए प्रभात ने आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी कोशी क्षेत्र के सहरसा, मधेपुरा, सुपौल और खगड़िया की सभी 17 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसके अलावा राज्य की करीब 50 सीटों पर भी अपने प्रत्याशी उतारेगी।

उन्होंने अपने संबोधन में कोशी क्षेत्र की उपेक्षा का मुद्दा उठाया और कहा कि सरकारों द्वारा इस इलाके की अनदेखी के चलते यहां के युवाओं को रोज़गार की तलाश में अन्य राज्यों में पलायन करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी का मुख्य एजेंडा कोशी क्षेत्र में उद्योग-धंधों की स्थापना कर स्थानीय स्तर पर रोज़गार के अवसर सृजित करना है ताकि पलायन की समस्या पर रोक लगाई जा सके।

प्रभात ने यह भी कहा कि स्वाधीनता पार्टी आने वाले समय में कोशी क्षेत्र के विकास के लिए ठोस योजना बनाएगी, जिससे इस इलाके के लोगों का जीवन स्तर बेहतर हो सके।

पार्टी के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी रैली में हिस्सा लिया और अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों को सामने रखा।।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *