हार्ड इंज्यूरी रिपोर्ट बनाने के लिए लोगों से डील करते हैं बिचौलिये।
सदर अस्पताल सहित विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में बिचौलिया हावी होते जा रहे हैं। मरीजों को गुमराह करने में आशा, आसपास के दवा दुकानदार व नजदीकी निजी स्वास्थ्य संस्थान के कर्मियों का मामला सबसे ज्यादा सामने आ रहा है।
नया मामला इंज्यूरी रिपोर्ट से संबंधित है। इसको लेकर इंज्यूरी विभाग के कर्मियों ने भी शिकायत की है। इसमें कहा गया है कि हाल के दिनों से कोई व्यक्ति काफी एक्टिव है जिसे इमरजेंसी विभाग से सभी जानकारी प्राप्त होती है और वो व्यक्ति जख्मी के रिश्तेदार को फोन कर बोलता है कि डॉक्टर साहब से बात हो गई है, आपकी इंज्यूरी हार्ड करवा देंगे, लेकिन 20 हजार रुपए लगेगा।
वो व्यक्ति अपना नाम सतीश बताता है व खुद को इंज्यूरी विभाग में कार्यरत बताता है। अमरनाथ झा जिनका पिछले शनिवार को इलाज हुआ, उनके परिजन को फोन गया और इमरजेंसी के पास तैयार होकर आने को कहा गया जिसके बाद इंज्यूरी विभाग के फार्मासिस्ट ने इसकी जानकारी पुलिस को दी जिसके बाद उस नंबर पर कॉल किया गया तो वह नंबर ब्लॉक आया। कर्मियों का कहना है कि कोई बाहरी व्यक्ति है।
इधर, मामला सामने आने के बाद सदर अस्पताल प्रशासन के द्वारा बिचौलियों के खिलाफ शनिवार को अभियान चलाया गया जिसमें 4 संदिग्ध बिचौलियों को अस्पताल प्रबंधक अब्दुल मजीद के नेतृत्व में सुरक्षाकर्मियों के द्वारा पकड़ा गया। साथ ही इन लोगों का नाम, नंबर, पता आदि लिया गया। अब जो बिचौलिया फोन किया था उसके साथ आवाज को मैच किया जाएगा व जो भी दोषी है, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अस्पताल प्रबंधक ने कहा कि सुरक्षा कर्मियों को स्पष्ट निर्देश कोई भी बिना वजह बाहरी व्यक्ति अस्पताल परिसर में दिखे तो उसे तुरंत पकड़कर पुलिस के हवाले करने का निर्देश दिया।
