बेगूसराय : सीएम के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारी तेज:बेगूसराय डीएम तुषार सिंगला कर रहे स्थल निरीक्षण, दिए कई दिशा-निर्देश
बेगूसराय में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रस्तावित महिला संवाद यात्रा की तैयारी शुरू हो गई है। यात्रा के तहत मुख्यमंत्री बेगूसराय कब आएंगे, इसकी कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी गई है, लेकिन जिला प्रशासन मटिहानी और बछवाड़ा दोनों प्रखंडों में तैयारी कर रहा है। लगातार निरीक्षण चल रहा, चिह्नित जगह पर काम भी हो रहा है।
आज भी डीएम तुषार सिंगला और एसपी मनीष ने जिला प्रशासन, अनुमंडल प्रशासन और अंचल प्रशासन के सभी अधिकारियों के साथ मटिहानी प्रखंड में विभिन्न जगहों का स्थल निरीक्षण किया है। अधिकारियों की टीम सबसे पहले मनियप्पा में नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन के पास पहुंची। जहां की डीएम एवं एसपी ने चल रहे कार्यों का जायजा लिया।
मनियप्पा में अधिकारियों की टीम।
इस दौरान भवन निर्माण विभाग, बिजली विभाग और पथ निर्माण विभाग सहित संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए। बगल में स्थित महादलित मोहल्ले की स्थिति को भी देखा गया। मौके पर डीएम ने सभी अधिकारियों को आवश्यक तैयारी करने के निर्देश दिए। जिससे कि अगर यहां कार्यक्रम तय हो तो कोई परेशानी नहीं हो।
उन्होंने आसपास के महादलित मोहल्ले, विकास मित्र और तालीमी मरकज आदि को भी तैयार रहने का निर्देश देने के साथ अधिकारियों को उनके संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद हांसपुर का भी निरीक्षण किया गया है। संभावना जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री नीतीश अपने महिला संवाद यात्रा के तहत मनियप्पा या हांसपुर में महिला संवाद यात्रा करेंगे।
पंचायत सरकार भवन के पास तैयारी चल रही है।
इस दौरान कई उद्घाटन और शिलान्यास की भी तैयारी की जा रही है। हालांकि चर्चा है कि मुख्यमंत्री का कार्यकाल बछवाड़ा प्रखंड के चमथा दियारा में हो। पिछली बार बेगूसराय की यात्रा पर मुख्यमंत्री को बछवाड़ा में ही आना था, लेकिन अचानक कार्यक्रम स्थल बदलकर सदर प्रखंड कर दिया गया था।
चमथा में कार्यक्रम होने का एक दूसरा भी उद्देश्य है कि वह सरायरंजन विधानसभा का सीमावर्ती क्षेत्र है और नीतीश कुमार के करीबी मंत्री विजय कुमार चौधरी वहां के विधायक हैं। चमथा में कार्यक्रम होता है तो मुख्यमंत्री बेगूसराय और समस्तीपुर जिले को साध लेंगे। फिलहाल कार्यक्रम की तारीख और स्थान तय नहीं होने के कारण अधिकारी कुछ भी कहने से परहेज कर रहे हैं।
