Tuesday, April 21, 2026
Homeदरभंगागंगोत्री से रामेश्वरम तक 3300 किमी की सद्भावना कांवर यात्रा एक जून...

गंगोत्री से रामेश्वरम तक 3300 किमी की सद्भावना कांवर यात्रा एक जून से।

- Advertisement -

सद्भावना यात्रा समिति के संयोजक और भारत निर्वाचन आयोग के दरभंगा जिला आइकॉन सह मैथिली के वरिष्ठ साहित्यकार मणिकांत झा की अगुवाई में शुरू होने वाली इस सद्भावना पैदल कांवर यात्रा में शुभंकरपुर, दरभंगा के डॉ० बासुकि नाथ झा, हरिना, झंझारपुर, मधुबनी के चिरंजीव मिश्र, भीषम टोल, कछुआ, दरभंगा के श्याम राय, रतवारा, मुजफ्फरपुर के आशुतोष कुमार एवं दड़िमा, दरभंगा के प्रभात झा शामिल होंगे। उत्तराखंड के गंगोत्री से यात्रा आरंभ कर पदयात्री उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना,आँध्र प्रदेश, तमिलनाडु के रामेश्वरम तक जाएँगे। यात्रा के क्रम में कांवर यात्री मिथिला की कला संस्कृति, सभ्यता और भाषा आदि को उन लोगों के बीच प्रचारित व प्रसारित करने के साथ ही वहाँ की कला-संस्कृति आदि से परिचित होंगे।

- Advertisement -

इस अभूतपूर्व पैदल कांवर यात्रा की तैयारी को लेकर रविवार को विद्यापति सेवा संस्थान के महासचिव डॉ० बैद्यनाथ चौधरी बैजू की अध्यक्षता में शहर के राज गोपाल हेल्थ केयर सेंटर के सभागार में एक बैठक हुई। बैठक को संबोधित करते हुए सद्भावना यात्रा समिति के संयोजक और भारत निर्वाचन आयोग के दरभंगा जिला आइकॉन सह मैथिली साहित्यकार मणिकांत झा ने कहा कि विश्व में शान्ति और सद्भावना का संदेश देने के उद्देश्य से हिमालय से हिन्द महासागर तक की कांवर यात्रा की जा रही है। उन्होंने बताया कि गंगोत्री के गंगाजल से महादेव रामेश्वरम के जलाभिषेक का विशेष महत्व है, इसी बात को ध्यान में रखते हुए समिति के सदस्यों ने गंगोत्री से रामेश्वरम तक की काँवर यात्रा करने का संकल्प लिया है।

- Advertisement -

मणिकांत झा ने बताया कि यात्री दल को लगभग 3300 किलोमीटर के इस पदयात्रा में ठहरने, सुरक्षा तथा चिकित्सा सेवाओं के लिए स्थानीय शासन-प्रशासन के सहयोग की आवश्यकता पड़ेगी। इस संबंध मे दरभंगा के जिला पदाधिकारी राजीव रौशन से सहयोग का अनुरोध किया गया था, जिसके आलोक में उन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए मार्ग में पड़ने वाले सभी जिला के डीएम के नाम सहयोग हेतु एक सामान्य पत्र जारी किया है। अपने संबोधन में उन्होंने सद्भावना यात्रा समिति की ओर से इस कार्य के लिए जिलाधिकारी के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की।

बैठक में इस यात्रा के प्रमुख सूत्रधार रहे वरिष्ठ पत्रकार विष्णु कुमार झा ने कहा कि चूँकि मणिकांत झा स्वयं एक सधे साहित्यकार हैं इसलिए उन्होंने उनसे आठ करोड़ मिथिलावासी की ओर से उठने वाली कांवर को लेकर शुरू होने वाली इस अद्भुत यात्रा का संस्मरण लिख पुस्तकाकार रूप में इसे प्रकाशित करने का आग्रह किया विद्यापति सेवा संस्थान के मीडिया संयोजक प्रवीण कुमार झा ने कहा कि अंगुली पर गिने चुने लोग ही इस तरह की साहसिक यात्रा का संकल्प ले पाते हैं। संकल्प को सिद्धि मे बदलने का कार्य देवाधिदेव महादेव करते हैं।

अध्यक्षीय संबोधन में डॉ० बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने कहा कि संपूर्ण विश्व में शांति एवं सद्भावना की स्थापना के उद्देश्य से शुरू हो रही यह अभूतपूर्व पैदल कांवर यात्रा जानकी की मातृभूमि मिथिला सहित संपूर्ण बिहार वासियों के लिए एक गौरव यात्रा है। उन्होंने कहा कि सभी लोगों की शुभकामनाएं यात्रीदल के साथ चलती रहेगी और यह यात्रा अपने उद्देश्य में ऐतिहासिक सफलता हासिल करेगी।

विदित हो कि इससे पूर्व भी मणिकांत झा के नेतृत्व में सद्भावना यात्रा समिति के चार सदस्यों ने आजादी के स्वर्ण जयंती वर्ष पर 1997 ई० में हरिद्वार से देवघर तक 1300 किलोमीटर की पदयात्रा , वर्ष 1998 ई० में सात सदस्यीय दल ने दरभंगा से दिल्ली तक 1200 किलोमीटर की स्वर्ण जयंती साइकिल यात्रा की थी जिसके अंतर्गत ‘गीतयात्रा’ भी चलती रही। यात्री दल मार्ग में पड़ने वाले सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों से मिलकर राष्ट्रगान तथा राष्ट्रगीत के गायन का प्रशिक्षण देकर छात्र छात्राओं के बीच गायन प्रतियोगिता आयोजित किया करते थे।

मौके पर मणिकांत झा ने बताया कि भारतीय गणतंत्र के पचास वर्ष पूरा होने पर 1999-2000 ई० मे समिति के पाँच सदस्यों ने दरभंगा से इम्फाल की साइकिल यात्रा आरंभ की थी। जिसे सुरक्षा कारणों से आसाम के तत्कालीन राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल एस के सिन्हा ने गौहाटी स्थित राजभवन मे सम्पन्न कराया था। यह यात्रा भी 1200 किलोमीटर की थी। इसके अतिरिक्त भी शांति एवं सद्भावना का संदेश फैलाने हेतु समिति के सदस्यों द्वारा पदयात्रा, साइकिल यात्रा एवं अन्य अनेक छोटी बड़ी यात्राएं की है।

बैठक में विनोद कुमार झा, प्रकाश कुमार चौधरी, प्रो चंद्रशेखर झा बूढ़ाभाई, संतोष कुमार झा, दीपक कुमार झा, प्रभात कुमार, अभिजीत कश्यप, विशाल कुमार, दुर्गानंद झा, नवल किशोर झा, पूजा, प्रीति, निक्की, रीता, विजय , सुभाष कुमार आदि उपस्थित थे।

- Advertisement -
RELATED ARTICLES

Most Popular