सहरसा एयरपोर्ट का रनवे अब युवाओं के सपनों को उड़ान दे रहा है। फिजिकल टाइगर, मुस्कान, प्रभु समेत अन्य अकादमी ने इस रनवे को पुलिस और अन्य सरकारी सेवाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए परीक्षा केंद्र में बदल दिया है। बता दें कि अकादमी के संचालक करण टाइगर 2015 से युवाओं को फिजिकल ट्रेनिंग दे रहे हैं।
अब वे लिखित परीक्षा की तैयारी भी करवा रहे हैं। हर रविवार को रनवे पर टेस्ट परीक्षा होती है। इसमें 300 से अधिक अभ्यर्थी खुले आसमान के नीचे बैठकर परीक्षा देते हैं। लिखित परीक्षा के समन्वयक रविन्द्र कुमार जो जिले के बसंतपुर गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने 2013 में गरीब छात्रों के लिए नि:शुल्क शिक्षा शुरू की थी। आज वे हजारों युवाओं को सरकारी नौकरी के लिए तैयार कर रहे हैं।
अकादमी में बिहार पुलिस, दारोगा, आर्मी और रेलवे की तैयारी करवाई जाती है। इसका मुख्य उद्देश्य कोसी क्षेत्र के युवाओं को सरकारी नौकरी दिलाकर उनके परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारना है।
माता-पिता के सपने को पूरा करने के लिए कर रहे तैयारी
जिले के तिरी बारही निवासी राजकुमार एक महीने से यहां ट्रेनिंग ले रहे हैं। वे बिहार पुलिस भर्ती के लिए आवेदन कर चुके हैं। बख्तियारपुर की अस्मिता की कहानी प्रेरणादायक है। उनके पिता ने बचपन में साथ छोड़ दिया था। अब वे अपनी मां के सपने पूरे करने के लिए यहां तैयारी कर रही हैं।
युवाओं के लिए करते रहेंगे काम
करण टाइगर का कहना है कि जब तक सरकार इस स्थान पर कोई निर्माण कार्य शुरू नहीं करती या निर्देश नहीं देती, तब तक वे इसका उपयोग युवाओं के लिए करते रहेंगे। वे कहते है कि युवाओं को बेहतर भविष्य संवारने मे लगे है।




