Featured

सहरसा में आसमानी आफत की चपेट में आ रहे लोग, आकाशीय बिजली ने ली 2 की जान।

बिहार के सहरसा में आज सुबह से ही बारिश वाली स्थिति बनी हुई है. जिले के अलग-अलग स्थानों पर वर्षा के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई है. मृतकों में एक 13 वर्षीय किशोरी और 35 वर्षीय युवक शामिल हैं.

बिहार से सहरसा जिले से बड़ी खबर सामने आई है, जहां बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से अलग-अलग जगहों पर दो लोगों की मौत हो गई है. मृतकों में एक 13 वर्षीय किशोरी और 35 वर्षीय युवक शामिल हैं.

 

पहली घटना जिले के सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के जमुनिया वार्ड नंबर- 3 की है, जहां 35 वर्षीय अजय सादा अपने खेत गए हुए थे, इसी दौरान बारिश के बीच आकाशीय बिजली की चपेट में आने से अजय सादा की मौत हो गई. वहीं, दूसरी घटना सलखुआ थाना क्षेत्र के सोह टोला की है, जहां 13 वर्षीय निशु कुमारी खेत में घास लेने गई थी, इसी दौरान आकाशीय बिजली के चपेट में आने से किशोरी की भी मौत हो गई. इधर घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और घटना की छानबीन में जुट गई है.

 

बता दें कि पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने पहले की प्रदेश में तेज आंधी तूफान के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का पूर्वानुमान जारी कर दिया था. आज भी आईएमडी की ओर से 32 जिलों में बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है. जिसमें 8 जिलों में ऑरेंज, जबकि 24 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. इन सभी जिलों में अगले 48 घंटों के बीच तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है.

 

बताते चलें कि बीते दिन बुधवार को भी राज्य के कई जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश हुई. कई जगह तो ठनका भी गिरा, जिसकी चपेट में आने से कईयों की मौत और कई गंभीर रूप से घायल हो गए. मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, 13 अप्रैल तक राज्य के मौसम की स्थिति इसी प्रकार बनी रहेगी. मौसम में हुए बदलाव और हो रही बारिश से राहत की बात है कि राज्य के तापमान में हो रहे लगातार बढ़ावा पर ब्रेक लगा है. लोगों को तपती गर्मी और सूरज की तपिश से राहत मिली है.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *