मजदूरों ने ग्रेजुएटी और बकाए वेतन भुगतान की मांग को लेकर समस्तीपुर-दरभंगा मुख्य मार्ग किया जाम।
समस्तीपुर: समस्तीपुर में बकाया ग्रेच्युटी एवं मानदेय का भुगतान नहीं किए जाने से नाराज मुक्तापुर रामेश्वर जूट मिल के मजदूर शुक्रवार को आक्रोशित होकर सड़क पर उतर आए। लोगों ने कल्याणपुर के परतापुर के पास समस्तीपुर-दरभंगा मुख्य पथ को जाम कर दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों और वाहनों की लंबी कतार लग गई। जिससे इस पथ से गुजरने वाले राहगीरों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सड़क जाम की सूचना पर कल्याणपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची लेकिन लोग सड़क जाम समाप्त करने को लेकर तैयार नहीं थे। इसके बाद सदर एसडीओ के पहुंचने पर जाम को समाप्त कराया गया। सड़क जाम कर रहे मजदूरों ने बताया कि रामेश्वर जूट मिल में जूट मिल प्रशासन मजदूरों के साथ नाइंसाफी कर रही है। पिछले 8 सालों से मजदूरों का पीएफ का पैसा मजदूरों के खाता में जमा नहीं किया गया है।
मजदूरों का कहना था कि उक्त राशि मजदूरों के खाते में जमा किया जाए और उसे ऑनलाइन किया जाए। इसके अलावा मजदूरों ने कहा कि 25 अप्रैल से पहले कार्य करने वाले मजदूरों का मानदेय अब तक नहीं मिला है। जबकि समझौता अनुसार मानदेय का भुगतान 7 तारीख तक हो जाना था। मजदूरों ने यह भी आरोप लगाया कि मिल प्रशासन मजदूरों को हटाकर यहां ठेकेदारी प्रथा लागू करना चाहती है, जिसे मजदूर बर्दाश्त नहीं करेंगे।
