सोशल मीडिया के जरिए छात्र एकता का आह्वान।
स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया जिला कमेटी की बैठक
दरभंगा स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) दरभंगा जिला कमेटी की बैठक बुधवार को लहेरियासराय स्थित एसएफआई जिला कार्यालय, गुदरी में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला संयोजक हरिशंकर राम ने की, जबकि पर्यवेक्षक एवं सोशल मीडिया प्रभारी (बिहार) तथा दिल्ली विवि के छात्र साथी प्रियांशु सुमन राज और जिलाध्यक्ष कांति यादव की विशेष उपस्थिति रही।
बैठक में प्रियांशु सुमन ने कहा कि एसएफआई दरभंगा हमेशा छात्रों की समस्याओं को लेकर सक्रिय रही है, लेकिन वर्तमान समय में छात्रों को उनके वास्तविक मुद्दों से भटकाया जा रहा है। अब समय है कि छात्र अपने अधिकारों और संघर्ष के लिए एकजुट हों। इसी उद्देश्य से एसएफआई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से छात्रों की एकता को मजबूत करने का आह्वान किया है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय में छात्रों के मुद्दों को लेकर इस बार एसएफआई चुनावी मैदान में उतरेगी।
प्रियांशु सुमन ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में एसएफआई सोशल मीडिया के जरिये इंडिया गठबंधन को समर्थन देने में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को प्रगतिशील राजनीति का साथ देना चाहिए। गौरी शंकर कुमार, अनुरोध कुमार, बलजीत कुमार, राम सुंदर राम, दीपक कुमार और राजेश कुमार सहित अन्य साथी शामिल थे।
