दरभंगा: बिहार के दरभंगा ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के एल्युमिनाई के इतिहास में एक और नया अध्याय जुड़ गया है. इसी विश्वविद्यालय में अध्ययनरत छात्र सह शोधार्थी के रूप में अपने कठिन परिश्रम और अटूट धैर्य के बल पर डॉ. अरुण कुमार मंडल ने सफलता की नई इबारत लिख दी है. ग्रामीण परिवेश के अरुण कुमार मंडल इसी विश्वविद्यालय में बतौर सहायक आचार्य नियुक्त किए गए हैं.
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय हुआ आवंटित: दरअसल 8 मार्च 2025 को बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग पटना द्वारा जारी चयन परिणाम का रिजल्ट जारी किया गया.
इसमें अरुण कुमार मंडल ने अंग्रेजी विषय के असिस्टेंट प्रोफेसर के पद के लिए पूरे बिहार में ईबीसी श्रेणी में प्रथम स्थान हासिल किया है. वहीं 25 मार्च 2025 को देर शाम उनके चाहने वालों में उस समय दोहरी खुशी की लहर दौर गयी जब सबको पता चला कि बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग द्वारा उन्हें गृह विश्वविद्यालय यानि की ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा आवंटित हुआ है.
डॉ. अरुण कुमार मंडल (ETV Bharat)
प्रेरणादायक है प्रोफेसर अरुण का सफर: डॉ. अरुण कुमार मंडल के संघर्ष से सफलता तक का एक प्रेरणादायक सफर रहा है. डॉ. मंडल का जन्म दरभंगा जिले के रामबेरई गांव में हुआ था.
उनके पिता डोमू मंडल और माता कौशल्या देवी ने प्रारंभिक शिक्षा की नींव रखने में अहम भूमिका निभाई है. उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा एचएम कन्या मध्य विद्यालय, अतिहर से प्राप्त की और माध्यमिक शिक्षा +2 आदर्श उच्च विद्यालय, अतिहर से पूरी की. डॉ. अरुण कुमार मंडल ने ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा से स्नातक और स्नातकोत्तर की उपाधि प्राप्त की.
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय से की पीएचडी: इसके बाद उन्होंने मिथिला विश्वविद्यालय के वर्तमान अंग्रेजी सह डायनामिक विभागाध्यक्ष प्रो. मंजू राय के सफल निर्देशन में पीएचडी की उपाधि प्राप्त की.
वर्तमान में डॉ. मंडल +2 केजी एकेडमी, सिंघिया (समस्तीपुर) में पीजीटी (अंग्रेजी) के पद पर कार्यरत हैं. डॉ. अरुण कुमार मंडल ने बताया कि इससे पहले उन्होंने होली मैरी इंटरनेशनल स्कूल, लहेरियासराय, डीएवी पब्लिक स्कूल, सारामोहनपुर, +2 आदर्श उच्च विद्यालय, अतिहर और ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के अंगीभूत इकाई राम कृष्ण महाविद्यालय, मधुबनी में सहायक अतिथि प्राध्यापक के रूप में अपनी सेवाएं दी है.
“बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग की ओर से मेरा चयन किया गया है. मैंने अंग्रेजी विषय के असिस्टेंट प्रोफेसर के पद के लिए पूरे बिहार में ईबीसी श्रेणी में प्रथम स्थान हासिल किया है. मेरे लिए ये काफी खुशी की बात है कि मैंने जहां से पढ़ाई की मैं उसी विश्वविद्यालय में पढ़ाने जाउंगा “-डॉ. अरुण कुमार मंडल, प्रोफेसर, दरभंगा ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय।





