बिहार के मौसम में पिछले कुछ दिनों से बदलाव देखा जा रहा है। आज 11 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में बारिश और तेज हवाओं का दौर आज 23 मार्च के बाद थम सकता है। इसके बाद प्रदेश के अधिकतर इलाकों में तेज धूप देखने को मिलेगी। जिससे तापमान में बढ़ोतरी होगी और गर्मी का असर बढ़ेगा।
24 मार्च से सक्रिय होगा नया पश्चिमी विक्षोभ
मौसम वैज्ञानिक कुमार गौरव ने बताया कि पूर्वोत्तर असम और आसपास के इलाकों में एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। जिसका असर बिहार के कुछ हिस्सों पर भी देखने को मिल सकता है। यही कारण है कि कुछ जिलों में बारिश की संभावना है, जबकि अन्य हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
24 मार्च की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। अगर यह विक्षोभ अधिक प्रभावी होता है तो बिहार में हल्की बारिश और ठंडी हवाएं दोबारा लौट सकती हैं। वर्तमान अनुमान के मुताबिक प्रदेश में गर्मी बढ़ने के संकेत अधिक हैं।
बक्सर सबसे गर्म जिला
वहीं, शनिवार को बक्सर सबसे गर्म जिला रहा। यहां अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग की ओर से 10 जिलों के आंकड़े जारी किए गए हैं।
किसानों को अलर्ट रहने की सलाह
मानसून से पहले बारिश होने से फसलों को नुकसान हो सकता है। मौसम विभाग ने इन जिलों के किसानों को बारिश के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।