मौसम विभाग की मानें तो आने वाले तीन से चार दिनों तक दो से तीन डिग्री तापमान में गिरावट का पूर्वानुमान है. इसका संकेत बीते रविवार (16 मार्च, 2025) को ही मिल गया. रविवार को राज्य के कई जिलों में बहुत हल्की बूंदाबांदी हुई. राजधानी पटना के कुछ क्षेत्रों के अलावा भोजपुर, अरवल, गया, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, जमुई, बांका, भागलपुर और मुंगेर में हल्की वर्षा हुई है. तापमान 2 से 3 डिग्री कम हुआ है.
कई जिलों में जारी किया गया येलो अलर्ट
सोमवार की अल सुबह मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से कई जिलों में वर्षा को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया. इन जिलों में औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद, गया, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, जमुई, भागलपुर, मुंगेर, बेगूसराय और खगड़िया शामिल है. हालांकि इन जिलों में वर्षा होने का समय आज (सोमवार) सुबह 3:00 बजे से सुबह के 6:00 तक ही बताया गया है. उम्मीद की जा रही है कि बादल छाए रहेंगे. इन जिलों का तापमान पहले की अपेक्षा कुछ गिरेगा.
21 और 22 को भी बारिश की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में उत्तर पाकिस्तान एवं उसके आसपास के क्षेत्र में समुद्र तल से औसत 3.8 किलोमीटर से 5.5 किलोमीटर ऊपर बना हुआ है. 19 मार्च को पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ प्रभावित करेगा. इससे पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी होगी और उसका असर बिहार में दिख सकता है. 21 और 22 मार्च को दक्षिण बिहार के कई इलाकों में वर्षा की संभावना है.
बीते रविवार को राज्य का तापमान दो से तीन डिग्री गिरा है. सबसे अधिक तापमान बांका में 36.5 डिग्री रहा. राजधानी पटना का पारा 4.2 डिग्री कम हुआ है. अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री तापमान रहा. सबसे कम तापमान सहरसा के अगवानपुर में 16.5 डिग्री रहा.